Ashutosh Jha
काठमांडू : बीरगंज महानगरपालिका क्षेत्र के उन इलाकों में, जहां नेपाल पेयजल संस्थान ने अपनी पाइपलाइन का विस्तार किया है, वहां नए नल पूरी तरह से निःशुल्क लगाए जाने की व्यवस्था की गई है। लंबे समय से पड़ रहे सूखे, जलवायु परिवर्तन और तापमान वृद्धि के कारण वीरगंज का भूमिगत जल स्तर घट गया है, जिससे चापाकल (हैंडपंप) का पानी सूख गया है और पेयजल की समस्या बढ़ गई है।
इस परिस्थिति में, नगर के निवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और टिकाऊ पेयजल की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए बीरगंज महानगरपालिका की पहल और नेपाल सरकार के पेयजल मंत्री प्रदीप यादव जी की विशेष सक्रियता के तहत महानगरपालिका ने नल की स्थापना का खर्च खुद वहन कर नए नल निःशुल्क लगाने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, दीर्घकालिक पेयजल समस्या के समाधान हेतु, नेपाल पेयजल संस्थान और वीरगंज महानगरपालिका के बीच आज एक ऐतिहासिक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया गया है। बीरगंज महानगरपालिका की ओर से प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी अरविंद लाल कर्ण और संस्थान की ओर से नेपाल पेयजल संस्थान के महाप्रबंधक अर्जुन बाबू ढकाल ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
