बेहतर इलाज के लिए कड़िया मुंडा दिल्ली एम्स रेफर

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : भाजपा के वरिष्ठ नेता और लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली रवाना किया गया। उनके साथ परिजनों के अलावा मेडिका अस्पताल के एक चिकित्सक को भी दिल्ली भेजा गया है। मकर संक्रांति के दिन केन्द्रीय मंत्री जुएल ओरांव ने रांची के मेडिका अस्पताल में कड़िया मुंडा से मुलाकात की थी और हाल-चाल जाना था। जुएल ओरांव द्वारा सारी व्यवस्थाएं देखने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि सात जनवरी को कड़िया मुंडा की तबीयत खराब होने पर उन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कड़िया मुंडा झारखंड की खूंटी लोकसभा सीट से आठ बार सांसद रहे हैं। वह पद्मभूषण से सम्मानित हैं। सबसे अधिक 12 लोकसभा चुनाव लड़ने का रिकॉर्ड इनके नाम है। खूंटी लोकसभा सीट वर्ष 1967 में अस्तित्व में आई। 1971 में पहली बार कड़िया मुंडा ने चुनाव लड़ा। 2014 में उन्होंने अंतिम लोकसभा चुनाव लड़ा था। इस दौरान उन्होंने आठ लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज की। चार लोकसभा चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 1977 के चुनाव में उन्हें पहली बार जीत मिली थी।

Spread the love