भाई-बहन के पवित्र संबंध और अटूट प्रेम को दर्शाता है करमा पर्व: बच्चन उरांव

Ek Sandesh Live Religious

MUSTFA

मेसरा: क्षेत्रीय सरना समिति झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह कांके पूर्वी के ओयना बन टोली निवासी और जनजातीय समाज के रीति-रिवाजों को नजदीक से जानने वाले बच्चन उरांव ने करमा पर्व बारे में जानकारी देते हुए बताया कि करमा का त्योहार बहनें अपने भाइयों की सुख-समृद्धि और लंबी आयु के लिए करती हैं। साथ ही धान रोपनी के बाद इस पर्व को मनाने का कारण है अच्छी फसल के लिए ईश्वर की आराधना। बच्चन उरांव ने कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के पवित्र संबंध और अटूट प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि करमा पर्व को आदिवासी संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। इस त्योहार में एक खास तरह का नृत्य होता है,जिसे करम नाच कहा जाता है। बताया कि आदिवासी और मूलवासी समाज में अधिकतर कुवांरी लड़कियां ही करती हैं। इस पर्व में बहनें अपने भाईयों की रक्षा के लिए उपवास रखती हैं। इन व्रतियों को कररमैती या करमइती कहा जाता है। पर्व मनाने के लिए करमैती 11 दिन,नौ दिन अथवा सात दिन का अनुष्ठान करती हैं। करमा अनुष्ठान के पहले दिन करमैती किसी नदी से बालू लाती हैं और किसी बांस या पत्ते की टोकरी में बालू रखकर ननेम-निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना कर बालू में सप्त धान्य सा सात के अनाज कुलथी, चना, जौ, तिल, मकई, उड़द, सुरगुजा या गेहूं के बीज डालती हैैं। कुछ ही दिनों में वहां पौधे निकल आते हैं, जिसे जावा कहा जाता है। इसी जावा का उपयोग करमा पूजा में किया जाता है। करमैती हर दिन जावा की पूजा-अर्चना करती हैं और नृत्य करती हैं। श्री उरांव ने बताया कि पर्व के एक दिन पहले अर्थात भादो महीने की शुक्ल दशमी तिथि को करम के पेड़ के पास जाकर निमंत्रण दिया जाता है। निमंत्रण देने के लिए बांस के एक डलिया में सिंदूर, बेल पत्ता, अरवा चावल की गुंडी सुपाड़ी, धूप-दीप लेकर जाना पड़ता है और करम राजा को घर अथवा अखड़ा में आने का न्यौता दिया जाता है। करम पूजा के लिए हर तरह के फूल-फल आदि को एकत्रित किया जाता है। पूजा समाप्ति के बाद पाहन या पुजारी करम-धरम की कहानी सुनाते हैं। कथा के बाद करमैती सभी लोगों को जावा और प्रसाद देती हैं। बाद में रात भर नृत्य-गीत का दौर चलता है, जो रात भर जारी रहता है। दूसरे दिन करम की डालियों का किसी नदी या तालाब में प्रवाहित कर दिया जाता है।

Spread the love