भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने नितिन नबीन,बिहार सरकार में हैं मंत्री

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि 45 वर्षीय नितिन नबीन सिन्हा, मौजूदा बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं। कायस्थ समुदाय से आने वाले नितिन नबीन भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं। नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा सीट से चार बार से विधायक हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर नितिन नबीन को बधाई देते हुए लिखा, “बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे। उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर दी बधाई : बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस नयी जिम्मेदारी के लिए नितिन नबीन को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अपने एक्स अकाउंट पर बधाई संदेश में लिखा, नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।

Spread the love