Eksandeshlive Desk
रांची : भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में आहूत रांची बंद का असर गुरुवार सुबह से ही दिखा। विभिन्न चौक-चौराहों पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर दुकानों को बंद कराने में जुटे रहे। आजसू पार्टी ने भी इस बंद को समर्थन दिया और उसके कार्यकर्ताओं ने भी सड़कों पर प्रदर्शन किया। रातू रोड रामविलास पेट्रोल पंप के समीप सड़क पर टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इससे आवागमन बाधित हुआ। कांके, अरगोड़ा, चुटिया, किशोरगंज, टाटीसिलवे, नामकुम सहित अन्य जगहों पर बंद समर्थक सड़क पर उतरे। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे। उन्होंने रातू रोड इलाके में सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया।
इससे पहले सुबह से ही भाजपा के कार्यकर्ताओं ने रांची-सिल्ली रोड को जाम कर दिया। गोंदलीपोखर के पास सड़क पर चल रहे वाहनों को रोक कर रोड को जाम कर दिया गया। भाजपा समर्थकों ने रिंग रोड में काठीटांड़ चौक पर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस सड़क जाम करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश करती दिखी। रांची बंद को देखते हुए प्रशासन अलर्ट रहा। राजधानी समेत जिले भर में सड़कों पर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, भैरव सिंह सहित लगभग 50 लोगों को हिरासत में लिया। उल्लेखनीय है कि 26 मार्च को दो अपराधियों ने कांके में भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या में शामिल एक अपराधी रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल दूसरे अपराधी अमन सिंह की तलाश की जा रही है।