भाजयुमो ने निकाली तिरंगा यात्रा, सेना के सौर्य को किया सलाम

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) रांची महानगर की ओर से ऑपरेशन सिंदूर को लेकर गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकाली गयी। भारतीय सेना के पराक्रम को सम्मान देने के लिए मोराबादी स्थिति संकल्प वाटिका में शहीद संकल्प शुक्ला की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्रा की शुरुआत की गई, जो परमवीर अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा और शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में रांची के युवाओं ने देश भक्ति संगीत पर हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारतीय सेना जिंदाबाद के ज़ोरदार नारे लगाते हुए शामिल हुए। यात्रा के दौरान पहलगाम घटना की झांकी और ऑपरेशन सिंदूर की झाकियां, घोड़ों के रथ पर भारत माता की झाकियां भी निकाली गई।

मौके पर भाजपा संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि आज पूरा भारत अपनी सेना के पराक्रम पर रोमांचित और गौरवान्वित महसूस कर रहा है। भारत ने न सिर्फ पाकिस्तान, बल्कि पूरी दुनिया को बताने का काम किया है कि कोई भी हमारे देश की संप्रभुता पर किसी भी तरह का वार अगर करता है, तो हम भी उसके देश की सीमाओं में घुसकर ऐसे तत्वों को खत्म करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सेना का लोहा आज पूरा विश्व भी मान रहा है, यह नया भारत है, अगर इसको छेड़ोगे, तो यह तुमको छोड़ेगा नहीं। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ पाकिस्तन, बल्कि उसके आकाओं को भी कड़ा संदेश दिया है कि हमारे देश की सीमाओं और इसकी संप्रभुता पर अगर किसी भी तरह का आघात कोई करता है या ऐसा करने की कोशिश भी करता है, तो हम ऐसी ताकतों का समूल नाश करेंगे।उन्होंने कहा कि देश अपनी सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाल कर सेना को अपना समर्थन दे रहा है।

भाजयुमो नेता शशांक राज ने कहा कि आज पूरे भारत में तिरंगा यात्रा के माध्यम से हर कोई सेना के प्रति अपना सम्मान सड़कों पर दिखाने का काम कर रहा है और आज रांची की सड़के भी देश भक्तों के जोश से भर गई। वरुण साहू ने कहा कि भारतीय सेना ने दुनिया में हर भारतीय का सेना गर्व से चौड़ा करने का काम किया है, जिस तरीके से सेना ने पाकिस्तान के आतंकवादियों को उनके यहां घुसकर मारा और आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया, वो पूरे विश्व को एक कड़ा संदेश है। रोमित नारायण सिंह ने कहा हम लोग पहले सुनते थे कि अमेरिका, रूस, फ्रांस, इजरायल और ब्रिटेन जैसे देश अपने नागरिकों की जान के लिए दूसरे देश में घुसकर स्ट्राइक करते हैं, लेकिन आज हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हर भारतीय की जान की कीमत ये है कि अगर कोई हमारे नागरिकों को मारेगा और विश्व के किसी भी कोने में छिपेगा, तो भी हमारी सेना उनको मिटाने का काम करेगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, मनोज सिंह , रमेश सिंह, समरी लाल, शिवपूजन पाठक,योगेंद्र प्रताप सिंह, हेमंत दास, के के गुप्ता, राहुल चौधरी, जितेंद्र वर्मा, विनय सिंह सहित अन्य मौजूद थे।