भारी मात्रा में नकली पनीर बरामद, पूरी खेप बिहार और बंगाल से हजारीबाग पहुंची थी

Crime

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग : जिले में नकली पनीर के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात्रि प्रशासन ने लगभग 4000 किलो नकली पनीर जब्त किया है। यह नकली पनीर पटना से रांची ले जाया जा रहा था और दो बरौनी ट्रैवल्स और तिवारी ट्रैवल्स की बसों में छिपाकर लाया जा रहा था। पूरी खेप बिहार और बंगाल से हजारीबाग पहुंची थी। हजारीबाग से यह दूसरे शहर भेजने की तैयारी चल रही थी। जिला प्रशासन का कहना है कि एक बड़ा गिरोह इसके पीछे काम कर रहा है। जो आधे दाम में पनीर विभिन्न दुकानों में सप्लाई करता है। इस छापेमारी का नेतृत्व सदर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ कुमार और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी चंद्र प्रकाश दुग्गी ने किया।

प्रशासन को पहले से नकली पनीर की तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद दोनों अधिकारियों ने टीम के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। एसडीओ बैद्यनाथ कामती ने शुक्रवार को बताया कि कुछ दिनों से लगातार सूचना मिल रही थी कि हजारीबाग में अवैध रूप से नकली पनीर का कारोबार हो रहा है। इस सूचना के आलोक में ही यह कार्रवाई की गई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नकली पनीर हजारीबाग, रांची और रामगढ़ के बाजारों में सप्लाई करने की तैयारी में था। जब्त पनीर की गुणवत्ता की जांच की जा रही है और इसमें मिलावट की पुष्टि होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने बस मालिकों को नोटिस जारी किया है और उनसे जवाब मांगा गया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से नकली खाद्य पदार्थों की अवैध सप्लाई पर एक बड़ा प्रहार हुआ है और आम जनता की सेहत को लेकर प्रशासन की सजगता भी उजागर हुई है।

Spread the love