Eksandeshlive Desk
गांधीनगर/नई दिल्ली : भारत 2029 में प्रतिष्ठित विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों (डब्ल्यूपीएफजी) की मेज़बानी करके इतिहास रचने जा रहा है। यह खेलों में देश की बढ़ती ताकत और दुनिया भर में कानून प्रवर्तन और अग्निशमन सेवा कर्मियों के बीच अंतरराष्ट्रीय संबंध बनाने की उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह यात्रा 9 जून, 2022 को शुरू हुई, जब राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) बिमल एन. पटेल ने पत्र लिख कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष प्रस्ताव रखा। इसमें आरआरयू की महत्वाकांक्षा को रेखांकित करते हुए कहा कि वह डब्ल्यूपीएफजी की मेजबानी के लिए नोडल संगठन के रूप में काम करेगा। पत्र में विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों को ओलंपिक प्रकार का बहु-खेल आयोजन बताया गया तथा भारत एवं सुरक्षा संगठनों के लिए अद्वितीय अवसर पर प्रकाश डाला गया है।
आयोजन के बहुआयामी लाभ : प्रोफेसर पटेल के पत्र में इस तरह के आयोजन के बहुआयामी लाभों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया गया जिसमें स्थानीय पर्यटन क्षेत्र और रोजगार सृजन का जिक्र है। इसके अलावा, इस पहल को विभिन्न देशों के कानून प्रवर्तन संगठनों के साथ संबंधों को मजबूत करने के एक शक्तिशाली साधन के रूप में देखा गया। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि वह “2027 में इस आयोजन की मेजबानी के लिए उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा” विकसित करने में सक्षम है। बाद में अक्टूबर 2024 में कैलिफोर्निया पुलिस एथलेटिक फेडरेशन (सीपीएएफ) के प्रतिनिधिमंडल ने आरआरयू का दौरा किया और भारत में खेलों की मेजबानी के लिए तैयारी और भावना की सराहना की। इस महत्वाकांक्षी प्रस्ताव ने भारत की सफल बोली के लिए आधार तैयार किया। आरआरयू की पहल और गृह मंत्रालय के अटूट समर्थन से प्रेरित सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत को डब्ल्यूपीएफजी 2029 की मेजबानी का अधिकार प्राप्त हुआ है।
अमित शाह ने प्रसन्नता व्यक्त की : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत को प्रतिष्ठित 2029 विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों (डब्ल्यूपीएफजी) की मेजबानी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का क्षण बताया। अमित शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा यह प्रत्येक नागरिक के लिए बहुत गर्व का क्षण है, क्योंकि भारत को प्रतिष्ठित 2029 विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों के लिए मेजबान देश के रूप में नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत को इन खेलों की मेजबानी मिलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विस्तृत खेल बुनियादी ढांचे के निर्माण की वैश्विक मान्यता को दर्शाता है। शाह ने कहा कि इन खेलों के आयोजन स्थल के रूप में अहमदाबाद का चयन, जिसमें पुलिस, अग्निशमन और आपदा सेवाएं 50 से अधिक खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगी, एक खेल स्थल के रूप में शहर की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि भारत ने प्रतिष्ठित 2029 विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों (डब्ल्यूपीएफजी) की मेजबानी के लिए बोली जीत ली है। यह आयोजन गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर और एकता नगर में आयोजित किया जाएगा।
