भारत में जन्मी मादा चीता मुखी ने पांच शावकों को दिया जन्म

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारत में जन्मी मादा चीता मुखी ने पांच शावकों को जन्म दिया है। केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने गुरुवार को इस खबर को साझा करते हुए खुशी जताई है। उन्होंने ‘एक्स’ पर किए गए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने बताया कि मादा चीता मुखी और उसके सभी शावक स्वस्थ हैं। यादव ने कहा कि यह उपलब्धि भारत में चल रहे संरक्षण प्रयासों और ‘प्रोजेक्ट चीता’ के भविष्य को लेकर विश्वास को और मजबूत करती है।

भूपेन्द्र यादव ने बताया कि इतिहास में पहला अवसर है जब भारत में जन्मी किसी चीता ने सफलतापूर्वक प्रजनन किया है। भारत में जन्मी पहली मादा चीता मुखी ने पांच शावकों को जन्म दिया है, यह घटना भारत के चीता पुनर्स्थापन कार्यक्रम के लिए मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि यह घटना भारतीय आवासीय परिस्थितियों में चीतों की अनुकूलन क्षमता, स्वास्थ्य और दीर्घकालिक अस्तित्व की मजबूत संभावनाओं को दर्शाती है। मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारत में आनुवंशिक रूप से विविध चीता आबादी स्थापित करने की हमारी उम्मीद को और सुदृढ़ करता है।

Spread the love