Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : भारत ने देश में घटने वाली कथित घटनाओं को लेकर पाकिस्तान की ओर से की गयी टिप्पणियों को सिरे से खारिज कर दिया है। भारत ने कहा कि ऐसे देश से आई टिप्पणियां पूरी तरह अस्वीकार्य हैं, जिसका इस विषय पर अपना रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोमवार को मीडिया के सवालों पर कहा कि पाकिस्तान में विभिन्न धर्मों के अल्पसंख्यकों के खिलाफ भयावह और सुनियोजित उत्पीड़न एक स्थापित तथ्य है। इस सच्चाई को किसी भी तरह के आरोप-प्रत्यारोप या उंगली उठाने से छिपाया नहीं जा सकता। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान द्वारा लगाए जा रहे आरोप उसके अपने कृत्यों से ध्यान भटकाने का प्रयास मात्र हैं। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान की स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। जायसवाल ने कहा कि भारत ऐसे निराधार और भ्रामक बयानों को पूरी तरह खारिज करता है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी तरह की बयानबाजी से जमीनी सच्चाई नहीं बदली जा सकती। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा था कि हाल के दिनों में क्रिसमस के दौरान हुई तोड़फोड़ की घटनाएं, मुसलमानों को निशाना बनाकर चलाए जा रहे अभियानों और बार-बार लिंचिंग की घटनाओं ने डर और अलगाव की भावना को और बढ़ाया है।
समुद्र में मछुआरों की समस्याओं के समाधान के लिए श्रीलंका के मंत्री से हो रही है वार्ता
मधुरै : केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह ने कहा कि वह तमिलनाडु के मछुआरों की समस्याओं को लेकर श्रीलंका के मंत्रियों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं। श्रीलंका नौसेना की टीम अक्सर समुद्र के नज़दीकी तट पर मछली पकड़ने जाने वाले मछुआरों को पकड़ लेती है और उनकी नावों, जालों आदि को जब्त कर लेती है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन भी ऐसे पकड़े गए मछुआरों को छोड़ने के लिए पत्र लिख रहे हैं। श्रीलंका नौसेना की गिरफ्तारी के कारण तमिलनाडु के मछुआरों की जीविका को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए, इसका समाधान निकालने के लिए दोनों देशों की सरकारों को बातचीत करनी चाहिए, ऐसा मछुआरे और राजनीतिक पार्टियां जोर दे रही हैं। केंद्रीय सरकार इस मामले में आगे बढ़ेगी, उन्होंने कहा।केंद्रीय पशु पालन और दुग्ध उद्योग विभाग राज्यमंत्री एसपी सिंह सोमवार को मदुरै शहर पहुंचे। यहां मदुरै मीनाक्षी मंदिर प्रशासन बोर्ड ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मदुरै मीनाक्षी अम्मन के दर्शन किए और फिर सोक्कनाथर मंदिर में दर्शन किए। केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह का मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दरवाजे पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया गया। बाद में मीडिया से वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दर्शन करने यहां पहुंचा हूँ। इसके बाद, पशुपालन और मत्स्य पालन मंत्रालय की ओर से रामेश्वरम में आयोजित काशी तमिल संगम के समापन समारोह में भाग लूंगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार गांवों के विकास और किसानों व श्रमिकों के कल्याण सहित सभी क्षेत्रों में अच्छे कार्य कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि वर्ष 2026 में तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव में सीटों के विभाजन के बारे में पार्टी नेतृत्व निर्णय लेगा। इसके अलावा, तमिलनाडु के मत्स्य पालन से संबंधित श्रीलंका सरकार की गतिविधियों पर हम नजर रख रहे हैं। दोनों देशों के मत्स्य पालन मंत्री इस विषय पर चर्चा कर रहे हैं। हम निश्चित रूप से मत्स्य पालकों के हितों की रक्षा करेंगे।
