Eksandeshlive Desk
काठमांडू : नेपाल की नवनियुक्त अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। साथ ही नेपाल को इस संकट की घड़ी से बाहर निकलने में हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। वहीं भारत ने प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के नेतृत्व में नेपाल की नई अंतरिम सरकार के गठन का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में भारत सरकार ने कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त करने पर बधाई दी। इस बयान में कहा गया है कि हम सुशीला कार्की के नेतृत्व में नेपाल में एक नई अंतरिम सरकार के गठन का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि यह शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में योगदान देगा। भारत ने खुद को एक करीबी पड़ोसी, लोकतांत्रिक भागीदार और लंबे समय से विकास सहयोगी के रूप में वर्णित करते हुए दोनों देशों और उनके लोगों की साझा समृद्धि और कल्याण के लिए नेपाल के साथ निरंतर सहयोग के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
कार्की को उम्मीद-भारत हमेशा की तरह नेपाल जनता के हित में अपने सभी सहयोग को जारी रखेगा : राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में सुशीला कार्की के अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के तुरंत बाद सुशीला कार्की से मिलने वाले सबसे पहले विदेशी कूटनीतिज्ञ भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव हैं। उन्होंने कार्की को उनकी नियुक्ति पर बधाई देते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई तथा अपनी शुभकामनाएं भेजी है। भारत की बधाई स्वीकार करते हुए सुशीला कार्की ने कहा कि नेपाल के इस संकटपूर्ण समय से बाहर निकलने में भारत से बड़े मदद की अपेक्षा रखती हैं। कार्की ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भारत हमेशा की तरह नेपाल जनता के हित में अपने सभी सहयोग को जारी रखेगा। भारतीय राजदूत ने कहा कि भारत हमेशा नेपाल और नेपाल की जनता के साथ खड़ा है। राजदूत श्रीवास्तव ने कहा कि नेपाल के पुनर्निर्माण से लेकर आम चुनाव तक में भारत हरसंभव मदद के लिए तैयार है। भारतीय राजदूत ने नेपाल के अंतरिम सरकार के साथ मिलकर देश के सभी क्षेत्रों के विकास के लिए काम करने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है।
