Ashutosh Jha
काठमांडू : भारत सरकार द्वारा नेपाल को प्रदान की जा रही चुनाव संबंधी सहायता की तीसरी किश्त का औपचारिक हस्तांतरण 12 फरवरी 2026 को काठमांडू स्थित गृह मंत्रालय में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव द्वारा नेपाल के गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्याल को किया गया। नेपाल सरकार को उपहार स्वरूप दी गई इस तीसरी किश्त में 270 से अधिक वाहन शामिल हैं, जिनमें नेपाली सेना के लिए 50 ट्रक तथा अन्य आवश्यक सामग्री सम्मिलित है। यह सहायता देश में आगामी चुनावों की तैयारी के लिए नेपाल द्वारा अनुरोधित आवश्यकताओं के अनुरूप प्रदान की गई है। नेपाली सेना के लिए ट्रकों को भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से नेपाली सेना के प्रधान सेनापति जनरल अशोक राज सिग्देल ने ग्रहण किया।
अपने संबोधन में गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्याल ने नेपाल को समय पर और महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करने के लिए भारतीय पक्ष का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच पारस्परिक विश्वास, मित्रता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति साझा प्रतिबद्धता से परिपूर्ण, परस्पर लाभकारी और व्यापक सहयोग की सराहना भी की। इससे पूर्व भारत सरकार द्वारा प्रदान की गई चुनाव-संबंधी सहायता की पहली दो किश्तें, जिनमें 310 से अधिक वाहन और अन्य सामग्री शामिल थीं, क्रमशः 20 जनवरी और 29 जनवरी 2026 को नेपाल को सौंपी जा चुकी हैं। आने वाले दिनों में शेष सामग्री की आपूर्ति चरणबद्ध रूप से किए जाने की भी संभावना है। भारतीय पक्ष से निरंतर प्राप्त सहयोग और समर्थन दोनों देशों के बीच विद्यमान बहुआयामी और बहु-क्षेत्रीय विकास साझेदारी को दर्शाता है। यह भारत और नेपाल के लोगों के बीच गहरे पारस्परिक विश्वास और मित्रता का भी प्रतीक है।
