भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी, श्रीलंकाई कार्यवाहक उच्चायुक्त तलब

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारत ने भारतीय मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी की घटना पर कड़ा विरोध जताया है। मंगलवार तड़के डेल्फ़्ट द्वीप के निकट श्रीलंकाई नौसेना ने 13 भारतीय मछुआरों को पकड़ा है। इस दौरान गोलीबारी की भी खबर है। नई दिल्ली में श्रीलंकाई कार्यवाहक उच्चायुक्त को मंगलवार सुबह विदेश मंत्रालय में बुलाया गया और घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने भी श्रीलंकाई सरकार के विदेश मंत्रालय के समक्ष यह मामला उठाया है।

मछली पकड़ने के जहाज पर सवार 13 मछुआरों में से दो को गंभीर चोटें आई हैं और जाफना टीचिंग अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। तीन अन्य मछुआरों को मामूली चोटें आईं हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक जाफना में भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने घायल मछुआरों से अस्पताल जाकर मुलाकात की है और उन्हें तथा उनके परिवार वालों को सहायता प्रदान की जा रही है। मंत्रालय का कहना है कि भारत सरकार ने हमेशा मानवीय तरीके से मछुआरों से संबंधित मुद्दों के समाधान की आवश्यकता पर बल दिया है। किसी भी परिस्थिति में बल प्रयोग अस्वीकार्य है। इस संबंध में दोनों सरकारों के बीच मौजूदा सहमति का सख्ती से पालन होना चाहिए।

Spread the love