भारतीय रेल की महत्वपूर्ण अवसंरचना पहल : अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अनारा स्टेशन का पुनर्विकास

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता : भारतीय रेल की दीर्घकालिक पहल है, जिसके माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों का क्रमिक एवं समग्र विकास किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य स्टेशनों को स्वच्छ, सुलभ, आधुनिक तथा यात्रियों के अनुकूल बनाना है। दक्षिण पूर्व रेलवे के कुल 72 स्टेशनों को इस योजना के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। प्रत्येक स्टेशन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है तथा निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से प्रगति पर है। अनारा रेलवे स्टेशन, जो आद्रा मंडल के अंतर्गत पुरुलिया ज़िले (पश्चिम बंगाल) में स्थित है, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सुदृढ़ रूप से विकसित किया जा रहा है। यह स्टेशन आसनसोल–टाटानगर मुख्य मार्ग पर स्थित है, जो झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण रेल खंड है।

अनारा, पुरुलिया ज़िले का एक छोटा लेकिन सांस्कृतिक रूप से समृद्ध नगर है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और आसपास के पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध है। यह क्षेत्र खनिज संपदा से परिपूर्ण है तथा आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी सेवा प्रदान करता है। अनारा स्टेशन यात्रियों एवं माल परिवहन—दोनों के लिए एक महत्त्वपूर्ण केंद्र है और वर्तमान में तेज़ी से आधुनिक रूप ले रहा है। पुनर्विकास कार्यों के अंतर्गत अनारा स्टेशन पर जो सुविधाएं विकसित की जा रही हैं उनमें नया फुट ओवर ब्रिज, नए लिफ्ट, नया बुकिंग काउंटर (दिव्यांगजन रैम्प सहित), नए एंट्री और एग्ज़िट गेट, नया पार्किंग क्षेत्र, परिसंचरण क्षेत्र का विस्तार और सुधार, प्रतीक्षालय का उन्नयन, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर एवं प्लेटफॉर्म पुनर्सतहीकरण, स्थानीय कला एवं संस्कृति थीम पर पेंटिंग, दिव्यांगजन वाटर बूथ, दिव्यांगजन बुकिंग काउंटर, दिव्यांगजन रैम्प, दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, दिव्यांगजन पार्किंग, टैक्टाइल टाइल्स, मौजूदा शौचालयों का सुधार, प्लेटफॉर्म पर नया शौचालय ब्लॉक, नए वाटर बूथ, बैठने की समुचित व्यवस्था, ट्रेन इंडिकेटर एवं कोच इंडिकेटर बोर्ड शामिल हैं।

Spread the love