Eksandeshlive Desk
रांची : भारतीय सेना की ओर से ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान पर की गई कार्रवाई के समर्थन में सशस्त्र सैन्य बल का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा शुक्रवार को कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाली गई। इस अवसर पर केशव महतो कमलेश ने कहा कि हमारे देश का मस्तक विश्व में ऊंचा बनाए रखने के लिए भारतीय सेना पर हमें गर्व है। पहलगाम में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या का बदला लेने के लिए सैनिकों ने पाकिस्तान के अंदर स्थित आतंकी ठिकानों को जिस तरह ध्वस्त किया है वह अनुकरणीय है। कमलेश ने कहा कि आतंकवाद को प्रशय देने वाले देश के खिलाफ किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई के हम समर्थक हैं। पूरे देश की जनता सेना के साथ खड़ी है।
पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि सेना की कार्रवाई से देशवासियों के बीच उत्साह का माहौल है और तिरंगा यात्रा सेना के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने की है। भारतीय सेना ने हमेशा से अपने शौर्य और साहस से पूरी दुनिया में अपनी एक पहचान कायम की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि हम देश और सेना के साथ हैं। बिना किसी भेदभाव के, कांग्रेस हमेशा से देश के साथ रही है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सैनिकों को साथ और समर्थन देने के लिए निकाली गई है। यह सैनिकों को सम्मान देने का माध्यम है जिस मजबूती से वह देश के लिए लड़ रहे हैं उसके लिए पूरा देश साथ खड़ा है। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचु, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, ममता देवी, जयशंकर पाठक, संजय लाल पासवान, राजीव रंजन प्रसाद, शमशेर आलम, ज्योति मथारू, राकेश सिन्हा, अमूल्य नीरज खलको, सुरेंद्र सिंह, बिनय सिन्हा दीपू, राजेश गुप्ता, आलोक दुबे,कुमार राजा सहित अन्य पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए।