भारतीय सशस्त्र बलों ने 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर जीत का प्रतीक ‘विजय दिवस’ मनाया

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारतीय सशस्त्र बल सोमवार को 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारतीय सशस्त्र बलों की निर्णायक जीत का प्रतीक ‘विजय दिवस’ मनाया। मुख्य समारोह सेना की पूर्वी कमान ने कोलकाता के फोर्ट विलियम में मनाया। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान और सेना प्रमुखों ने 1971 के युद्ध के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देकर उनके बलिदान को सलाम किया।

राष्ट्रपति ने वीर नारियों के साथ भी भावपूर्ण बातचीत की

यह एक ऐसी जीत थी, जिसने भारत के सैन्य इतिहास को नया आकार देने के साथ ही नए राष्ट्र बांग्लादेश को जन्म दिया। केवल 13 दिनों में भारतीय सशस्त्र बलों ने रणनीतिक प्रतिभा और असाधारण बहादुरी से 93 हजार से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों को पूरी तरह से परास्त करके अब तक का सबसे बड़ा सैन्य आत्मसमर्पण कराया। यह तिथि भारत की अपने मित्रों देशों के प्रति प्रतिबद्धता और अपने दुश्मनों के लिए एक दृढ़ चेतावनी के रूप में कार्य करती है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों की जीत के उपलक्ष्य में आर्मी हाउस में विजय दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित विजय दिवस स्वागत समारोह में भाग लिया। राष्ट्रपति ने वीर नारियों के साथ भी भावपूर्ण बातचीत की, जिसके दौरान उन्होंने राष्ट्र के लिए उनके बलिदान को सलाम किया।

भारत सशस्त्र बलों के बलिदान और सेवा को नहीं भूलेगा: सिंह

विजय दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर हमारे वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी तथा पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आज विजय दिवस के विशेष अवसर पर राष्ट्र भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और बलिदान को सलाम करता है। उनके अटूट साहस और देशभक्ति ने सुनिश्चित किया कि हमारा देश सुरक्षित रहे। भारत उनके बलिदान और सेवा को कभी नहीं भूलेगा। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित कर 1971 के युद्ध के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। सीडीएस ने राष्ट्र के प्रति समर्पण, संकल्प और स्थायी प्रतिबद्धता के लिए सभी सेवारत कर्मियों, दिग्गजों और वीर नारियों को भी अपनी बधाई दी। इसके अलावा रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित कर 1971 के युद्ध के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

वायु सेना प्रमुख ने अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित की

वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित कर 1971 के युद्ध के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। वायु सेना ने 1971 के भारत-पाकिस्तान को याद करते हुए कहा कि यह युद्ध 16 दिसंबर 1971 को लेफ्टिनेंट जनरल एएके नियाज़ी ने बिना शर्त आत्मसमर्पण कराने के साथ समाप्त कराया, जिसने एक स्वतंत्र बांग्लादेश को जन्म दिया। यह ऐतिहासिक क्षण दिलाने में भारतीय वायु सेना ने 13 दिवसीय संघर्ष के दौरान त्वरित और निर्णायक परिणाम सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसे ‘लाइटनिंग वॉर’ कहा जाता है।

वायु सेना की भूमिका हवाई श्रेष्ठता के महत्व का प्रमाण है

युद्ध के दौरान भारतीय वायु सेना ने एक गहन और घातक हवाई अभियान चलाया, जिसमें पश्चिमी क्षेत्र में 2400 से अधिक आक्रामक मिशन और पूर्वी थिएटर में 2000 से अधिक उड़ानें भरी गईं। इन अभियानों ने दोनों क्षेत्रों में हवाई नियंत्रण सुनिश्चित किया, जिससे विरोधी की प्रभावी रूप से जवाबी हमला करने की क्षमता कम हो गई। पूर्व में रणनीतिक हमलों ने जमीनी बलों के लिए करीबी हवाई समर्थन के साथ मिलकर पाकिस्तानी रक्षा को ध्वस्त कर दिया, जिससे बांग्लादेश की त्वरित मुक्ति में मदद मिली। आसमान में भारतीय वायु सेना का दबदबा इतना प्रभावशाली था कि 1971 का युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास में दर्ज हुआ किया। इस अद्वितीय जीत को हासिल करने में वायु सेना की भूमिका आधुनिक युद्ध में हवाई श्रेष्ठता के महत्व का प्रमाण बनी हुई है।

यह दिन हमारे सशस्त्र बलों की शानदार जीत का प्रतीक है

वाइस नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने कहा कि इस विजय दिवस पर हम 1971 के युद्ध में बांग्लादेश को आजाद कराने और निर्णायक जीत हासिल करने के लिए उनके असाधारण साहस और रणनीतिक प्रतिभा के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को सलाम करते हैं। सेना प्रमुख जनरल अनिल द्विवेदी ने कहा कि यह दिन 1971 के युद्ध में हमारे सशस्त्र बलों की शानदार जीत का प्रतीक है। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (एडब्ल्यूडब्ल्यूए) की अध्यक्ष सुनीता द्विवेदी के साथ मिलकर 1971 के आत्मसमर्पण की प्रतिष्ठित पेंटिंग को इसके सबसे उपयुक्त स्थान मानेकशॉ सेंटर में स्थापित किया, जिसका नाम 1971 के युद्ध के वास्तुकार और नायक फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के नाम पर रखा गया है। यह पेंटिंग भारतीय सशस्त्र बलों की सबसे बड़ी सैन्य जीतों में से एक और सभी के लिए न्याय और मानवता के लिए भारत की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

भारत-बांग्लादेश के युद्ध नायकों ने साझा इतिहास किया याद

वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की ऐतिहासिक विजय की 53वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत और बांग्लादेश के युद्ध नायक और सैन्य अधिकारी कोलकाता में एकत्र हुए। विजय दिवस पर उन्होंने साझा इतिहास को याद किया और भविष्य में दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों की उम्मीद जताई। भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) डी.जे. क्लेर ने युद्ध की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि 53 साल बीत गए हैं, लेकिन यादें अब भी ताजा हैं। हमने उस समय कई वीर सैनिकों को खो दिया। मैं अपने कई मित्रों को खो चुका हूं। उस युद्ध में हमने बांग्लादेश को आजाद किया, वहां के लोगों को मुक्ति दिलाई और महिलाओं को अत्याचारों से बचाया। उन्होंने बांग्लादेश में मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वहां की स्थिति अब गंभीर है। कानून और व्यवस्था खराब है। खासतौर पर अल्पसंख्यक हिंदुओं को परेशानी हो रही है। ये लोग शांतिप्रिय नागरिक हैं। बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “हमारे यहां मेहमान भगवान के समान माने जाते हैं। हम उनके दौरे के दौरान उनका पूरा सम्मान और सुरक्षा करेंगे।”

दोनों देशों की विजय को दर्शाता है हमारी जीत का यह दिन

भारतीय सेना के मेजर रथिंद्र कुमार भट्टाचार्य (सेवानिवृत्त) ने इस वार्षिक पुनर्मिलन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “हर साल यहां आना मेरे लिए घर लौटने जैसा लगता है। यह पुराने मित्रों और साथी नायकों से मिलने का अवसर होता है।” बांग्लादेश की स्थिति को लेकर उन्होंने आशावादी रुख अपनाते हुए कहा, “यह केवल एक अस्थायी दौर है। अगले छह महीनों में स्थिति बेहतर हो जाएगी। भारत ऐसा कुछ भी नहीं करेगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय दबाव का सामना करना पड़े।” बांग्लादेश के मेजर जनरल आसिम ने साझा इतिहास को याद करते हुए कहा कि हमारी जीत का यह दिन दोनों देशों की विजय को दर्शाता है। यह हमें पाकिस्तान के कब्जे से मुक्ति दिलाने का प्रतीक है। भारतीय सेना के समर्थन से यह संभव हो सका। यह दिन हमारी स्थायी मित्रता का प्रतीक है और हमें इसे मजबूत करने के लिए आगे बढ़ना चाहिए।

भारत-बांग्लादेश के बीच संबंध मजबूत हैं और हमेशा रहेंगे

बांग्लादेश के मेजर जनरल अब्दुल सलाम चौधरी (सेवानिवृत्त) ने अपने देश की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा, “कुछ स्वार्थी गुट झूठी कहानियां फैलाते हैं लेकिन असल सच्चाई अलग है। भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध मजबूत हैं और हमेशा रहेंगे। अगर कोई इस पर शक करता है, तो उन्हें यह देखना चाहिए कि हम आज यहां एक साथ खड़े हैं।” विजय दिवस, 16 दिसंबर को 1971 के युद्ध में भारत की 13 दिन की ऐतिहासिक जीत को याद करने के लिए मनाया जाता है। यह वह दिन है जब पाकिस्तानी सेना ने ढाका में आत्मसमर्पण किया और बांग्लादेश (तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान) का जन्म हुआ। इस वर्ष विजय दिवस के उपलक्ष्य में भारत के आठ युद्ध नायक और दो सेवारत अधिकारी ढाका में बांग्लादेश के विजय दिवस समारोह में भाग लेने पहुंचे। इसके बदले, बांग्लादेश से आठ ‘मुक्ति योद्धा’ और दो सेवारत अधिकारी कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यह दिन न केवल युद्ध की यादों को ताजा करता है, बल्कि भारत और बांग्लादेश के बीच मित्रता और सहयोग के स्थायी संबंधों का भी प्रतीक है।