भारतीय तटरक्षक बल में करियर अवसरों के लिए 14 जुलाई को रांची में चार जगहों पर होगा कार्यक्रम : संजय सेठ

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची के चार जगहों पर 14 जुलाई को भारतीय तटरक्षक बल में करियर अवसरों के लिए कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। मंत्री सेठ ने रविवार को यहां एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह आह्वान है कि देश के अधिक से अधिक युवा देश की सुरक्षा में अपनी भागीदारी निभाएं। इस परिप्रेक्ष्य में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में रक्षा मंत्रालय देश के विभिन्न हिस्सों में जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी उद्देश्य से रांची में भारतीय तटरक्षक बल के जरिये एक ऐसे अभियान की शुरुआत की जा रही है, जो पहले कभी नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि 14 जुलाई को रामटहल चौधरी विद्यालय ओरमांझी में 10:00 बजे ,एसएस मेमोरियल कॉलेज कांके 12:00 बजे, लाला लाजपत राय स्कूल पुनदाग 1:00 बजे, गोसनर कॉलेज क्लब रोड में 2:00, बजे से संगोष्ठी आयोजित की गई है l उन्होंने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल की ओर से देश के युवा विद्यार्थियों को आकर्षित करने के लिए एक जागरूकता एवं भर्ती अभियान चलाया जा रहा है, जो रांची के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित किया जाएगा। यह अभियान रांची में पहली बार शुरू हुआ है, जो 20 जुलाई, 2025 तक आयोजित होगा। यह बल रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यह बल भारत के समुद्री हितों की रक्षा, समुद्री कानूनों का प्रवर्तन, तटीय सुरक्षा, खोज एवं बचाव कार्य, समुद्री पर्यावरण का संरक्षण करता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्रों के बीच भारतीय तटरक्षक बल को एक आकर्षक करियर विकल्प के रूप में प्रस्तुत करना है।

Spread the love