भगवंत मान को हुआ इलेक्ट्रोलाइटस डिसबैलेंस, हालत में सुधार लेकिन अभी अस्पताल में ही चलेगा इलाज

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीायत में सुधार है लेकिन अभी वह अस्पताल में ही हैं। मुख्यमंत्री को शुक्रवार रात मोहाली के फोर्टिस हार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री भगवंत मान 03 सितंबर को पंजाब दौरे पर थे, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मीडिया में दावा किया कि भगवंत मान बिना कुछ खाए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे थे। इसके बाद 04 सितंबर को सीएम आवास पर ही उनका इलाज किया गया। 05 सितंबर को मंत्रिमंडल की बैठक रद्द कर दी गई।

इस बीच शनिवार को दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तथा पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने भगवंत मान से मुलाकात करके उनका हालचाल जाना। पार्टी नेताओं ने भगवंत मान का इलाज कर रहे डाक्टरों से भी जानकारी ली। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में पार्टी नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि भगवंत मान का इलेक्ट्रोलाइटस डिसबैलेंस हुआ था। जिस कारण उनका पल्स रेट 44 तक पहुंच गया था। तबीयत अधिक खराब होने के कारण शुक्रवार रात फोर्टिस में भर्ती कराया गया। शनिवार सुबह उनकी हालत में सुधार दर्ज किया गया है। सिसोदिया ने कहा कि भगवंत मान अभी अस्पताल में ही रहेंगे। डाक्टरों ने उन्हें पूरी तरह से फिट घोषित नहीं किया है। उनके रूटीन टेस्ट हो रहे हैं। अगले एक से दो दिन के भीतर भगवंत मान फिर से पंजाब वासियों की सेवा में मौजूद रहेंगे।

Spread the love