भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र की केमिकल पटाखा फैक्ट्री में आग, सात मजदूरों की मौत

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

अलवर/नई दिल्ली : भिवाड़ी की खुशखेड़ा कारोली की एक केमिकल और पटाखा बनाने वाली फैक्टरी में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गयी। धमाकों और आग की लपटों के बीच फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में अब तक सात लोगों की झुलसने से मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक मजदूर के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद भिवाड़ी, खुशखेड़ा, तिजारा, धारूहेड़ा, रेवाड़ी सहित कई जगह की दमकल मौके पर आग बुझाने के लिए पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर वन व पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा विधानसभा से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे तेज धमाके की आवाज के साथ देखते ही देखते आग ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्टरी में ज्वलनशील केमिकल और पटाखा सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसा का है। रीको‌ के फायर अधिकारी राजू खान ने बताया कि घटनास्थल से अब तक सात शव मिल चुके हैं। हादसा इतना भयावह था कि कई शव बुरी तरह झुलस गए। रेस्क्यू टीम को बॉडी पार्ट्स प्लास्टिक बैग में इकट्ठा करने पड़े। प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त के लिए डीएनए जांच कराने की बात कही है। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फैक्टरी में सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हैं।

प्रधानमंत्री ने राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना पर जताया दुख : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने साेशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना अत्यंत दु:खद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।उल्लेखनीय है कि, राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या जी1/118बी में सोमवार सुबह अग्निकांड की घटना सामने आई, जहां संचालित एक निजी औद्योगिक इकाई में अचानक आग लग गई। इस हादसे में अब तक सात लोगों के मौत की सूचना है।

Spread the love