बहरागोड़ा में 50 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 50 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। सोमवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने टाटा पंच कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05DS-6333) को संदेह के आधार पर रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसकी डिक्की से 25 पैकेट में पैक लगभग 50 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही वाहन में सवार दो लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर के सोनारी झाबरी बस्ती भीम यादव और बिहार भोजपुर निवासी के राज कुमार पाल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो मोबाइल फोन और 3482 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के चिल्का झील के आसपास के इलाके से लाया गया था,जिसे जमशेदपुर और बिहार के विभिन्न हिस्सों में खपाने की योजना थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह तस्करी एक संगठित नेटवर्क के जरिए की जा रही थी, जिसमें कई और लोग शामिल हो सकते हैं। ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरोह के सरगना की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में बहरागोड़ा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Spread the love