बिहार के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बनानी होगी, क्योंकि महागठबंधन के पास न नेता हैं, न नीयत : अमित शाह

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

पटना : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार में खगड़िया के बाद मुंगेर के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के नौवागढ़ी में जनसभा को सम्बोधित किया और राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने पूर्व की गैर भाजपा सरकारों पर निशाना भी साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि किसानों के लिए केंद्र सरकार ने काफी काम किया। इसका लाभ बिहार के किसानों को भी मिला। इससे फसलों के उत्पादन में बिहार का पूरे देश में स्थान बना। इसे आगे भी कायम रखना है, तो फिर से राजग का डबल इंजन सरकार बनाना पड़ेगा, क्योंकि महागठबंथन के पास न नेता है और न ही नीयत।

हर हाल में बनानी है नीतीश और मोदी जी की सरकार : अमित शाह ने कहा कि स्कूलों में पढ़ाई, अस्पतालों में वक्त पर दवाई, खेतों की समय पर सिंचाई और हर घर में शुद्ध जल की सप्लाई, यही लक्ष्य के साथ काम कर रही बिहार में डबल इंजन की सरकार। उन्होंने कहा कि लालू यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, तो सोनिया गांधी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने में लगी हैं। दूसरी ओर मोदी जी बिहार के युवाओं का भविष्य संवारने में लगे हैं। उन्हें पूरे बिहार की चिंता है। बीते 11 सालों में केंद्र की मोदी सरकार ने बिहार के विकास के लिए करीब 19 लाख करोड़ देकर बिहार को आगे बढ़ाया। मोदी जी और नीतीश जी की जोड़ी ने पिछड़ा और अति पिछड़ा समाज के लोगों के लिए बहुत काम किया, जबकि राजद और कांग्रेस खुद को बनाने में लगे रहे। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समर्थन से चल रही लालू-रबड़ी की सरकार ने अनेक सालों तक बिहार में जंगलराज कायम रखा। यह चुनाव फिर से जंगलराज को रोकने के लिए है। लालू-राबड़ी ने राज्य का काफी नुकसान किया। 2005 में जब बिहार की जनता ने उनके राज को समाप्त कर दिया, तो नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा। अगर वे फिर वापस आए, तो जंगलराज आने से कोई नहीं रोक सकता। इसलिए हर हाल में नीतीश और मोदी जी की सरकार बनानी है।

महागठबंधन की दो खासियतें हैं भ्रष्टाचार और परिवारवाद : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खगड़िया में शनिवार को एक चुनावी सभा को संबोधित किया और महागठबंधन के घटक दलों के साथ ही राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू यादव को आड़े हाथों लिया। खगड़िया जिले के अलौली विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि महागठबंधन की दो खासियतें हैं भ्रष्टाचार और परिवारवाद। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिहार को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया है। जनसभा में बैठे लोगों से अमित शाह ने पूछा कि फिर से जंगलराज बिहार में लाना है या विकास लाना है? लोगों की प्रतिक्रिया के बाद अमित शाह ने कहा कि केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार ही बिहार का विकास कर सकते हैं। महागठबंधन या लाठबंधन, जिनका भ्रष्टाचार का इतिहास रहा है, क्या वे बिहार का विकास कर सकते हैं? केवल नरेन्द्र मोदी और नीतीश बाबू, जिन पर एक पैसे का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, बिहार का विकास कर सकते हैं।

Spread the love