कांग्रेस नेत्री ने सोनवर्षा विधानसभा क्षेत्र की इंडिया महागठबंधन प्रत्याशी सरिता पासवान के पक्ष में जनसभा को किया संबोधित
Eksandeshlive Desk
सहरसा : बिहार में सहरसा जिले के सोनवर्षा राज की आधी आबादी को चुनाव की घोषणा से एक हफ्ते पूर्व 10 हजार रुपये देने वाली सरकार से पूछने की जरूरत है कि इसके लिए उन्हें 20 वर्षों का इंतजार क्यों करना पड़ा। उक्त बातें रविवार को कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने उच्च विद्यालय सोनवर्षा के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं। निर्धारित समय से डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचीं प्रियंका गांधी ने अपने 25 मिनट के संबोधन में एक बार भी राजद सुप्रीमो लालू यादव एवं तेजस्वी यादव का नाम नहीं लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा, प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोगों के मूल वोट के अधिकार, जिससे सरकार बनती और बिगड़ती है, उसका हनन राज्य और केंद्र की सरकार द्वारा किया जा रहा है। बिहार में 65 लाख लोगों का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है, जिसका मतलब ही लोगों की नागरिकता छिनना है।
प्रियंका गांधी ने कहा की बिहार में 20 वर्षों से आपकी चुनी हुई सरकार को प्रधानमंत्री व गृहमंत्री चला रहे हैं। जब आपकी चुनी सरकार को केंद्र सरकार द्वारा सम्मान नहीं दिया जा रहा है तो आपका सम्मान क्या होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार समस्याओं की जगह हर वक्त अतीत की बात करती है। ऐसे में उन्हें अपमान मंत्रालय का गठन करने की सलाह देते हुए कहा कि हर एक समस्या के लिए केंद्र सरकार द्वारा मेरे परिवार के जवाहरलाल नेहरू व इंदिरा गांधी को जिम्मेदार बताते हुए उन्हें अपमानित किया जाता है। ऐसे में अपमान मंत्रालय का गठन होने पर प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री राष्ट्र निर्माण पर अपना ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने महागठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र की विस्तार से जानकारी देते हुए सोनवर्षा विधानसभा की कांग्रेस प्रत्याशी सरिता पासवान को वोट देने की अपील की। इससे पूर्व उनका स्वागत मखाना के माला से किया गया। चुनावी सभा को पूर्णिया के सासंद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, सासाराम के सांसद मनोज राम, बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया, पूर्व कबीना मंत्री अशोक सिंह, रविचरण यादव, सासाराम सांसद मनोज राम, मोहम्मद शाहनवाज ने किया।
