बिल्डर ने अपार्टमेंट से कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Crime

Eksandeshlive Desk

रांची : रांची के जाने-माने बिल्डर और मेन रोड स्थित जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर 45 वर्षीय अनुराग सरावगी ने गुरुवार देर रात ब्लेयर अपार्टमेंट के अपने आवास की छठी मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय वह फ्लैट में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे तमिलनाडु में रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे। देर रात तक पुलिस को कारणों का पता नहीं चला, लेकिन प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी देते हुए अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि गुरुवार की रात सभी सोने चले गए थे तभी किसी के बहुत ऊपर से गिरने की आवाज आई, दौड़ कर जाने पर अनुराग सर का शव जमीन पर मिला, जहां उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उनका मोबाइल फोन पूरी तरह चकनाचूर हो गया था, जिसे फॉरेंसिक टीम ने जब्त कर लिया है। अपार्टमेंट के पहले फ्लोर पर उनके वृद्ध माता-पिता मौजूद थे, जबकि दूसरे फ्लोर पर उनका एक और फ्लैट अंदर से बंद मिला। पुलिस को दिए बयान में घर की नौकरानी ने बताया कि अनुराग जब घर लौटे तो फोन पर किसी से जोर-जोर से बात कर रहे थे। नौकरानी ने कहा, साहब फोन पर किसी से बहस कर रहे थे। फिर अचानक बाहर चले गए। फिर अचानक उनके बालकनी से गिरने की आवाज आई।

इस संबंध में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह खुदकुशी का मामला लगता है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच चल रही है। शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का है। इसके बावजूद पुलिस सभी वैज्ञानिक जांच करवा रही है। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि घटना के समय अनुराग के बुजुर्ग मां-बाप अपार्टमेंट के पहले फ्लोर पर ही मौजूद थे। जबकि पत्नी और उनके बच्चे किसी काम से तमिलनाडु गए हुए हैं। परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है।

Spread the love