बनारस रेल इंजन कारखाना की ऐतिहासिक उपलब्धि, 124 इलेक्ट्रिक लोको बोगियों का किया निर्माण

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

वाराणसी : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) की ट्रक मशीन शॉप ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मशीन शॉप ने जनवरी 2025 में अब तक की सर्वाधिक 124 इलेक्ट्रिक लोको बोगियों का निर्माण किया है। इससे पूर्व, नवंबर 2022 में सर्वाधिक 104 लोको बोगियों का निर्माण कारखाना में हुआ था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने ट्रक मशीन शॉप पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बोगियों को राष्ट्र सेवा में समर्पित किया।

महाप्रबंधक ने इस शानदार उपलब्धि के लिए टीएमएस शॉप की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि “बरेका लोको उत्पादन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। यह उपलब्धि भारतीय रेलवे के आत्मनिर्भर भारत मिशन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वर्ष 2022 में 104 लोको बोगियों का निर्माण हुआ था, जबकि जनवरी 2025 में 124 लोको बोगियों का निर्माण कर रिकॉर्ड स्थापित किया गया। यह नया कीर्तिमान बरेका के समर्पित अधिकारियों, कर्मचारियों की कड़ी मेहनत से संभव हुआ है। इस अवसर पर मुख्य विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Spread the love