बस से टकराया टेंपो, एक ही परिवार के सात जख्मी

Road Accident

Eksandeshlive Desk

पलामू : रांची-डालटनगंज मुख्य एनएच 75 पर सतबरवा थाना क्षेत्र के पिपराकला आईटीआई कॉलेज के समीप मरघटिया मोड़ के पास शुक्रवार की सुबह और अर्श बस और एक टेंपो में भिड़ंत हो जाने से एक ही परिवार के सात लोग जख्मी हो गए हैं। घायल सभी लोग पूजा करने चंदवा के नगर भगवती मंदिर जा रहे थे। ग्रामीण और पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि सुबह में बस और टेंपो में भिड़ंत हो गई है। सभी घायलों को नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में भर्ती कराया गया। बस और टेंपो को जब्त कर लिया गया है।

घायल लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के रांकीकला गांव के रहने वाले सभी एक ही परिवार के हैं। प्रियंका कुमारी (6) आईसीयू में भर्ती हैं। उसके पिता विकास ठाकुर को गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों में नंदकिशोर ठाकुर, रंजीत ठाकुर, स्वर्गीय उदित ठाकुर की पत्नी गुड़नी देवी के दोनों हाथ और पैर फ्रैक्चर कर गये हैं तथा सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं नंद किशोर ठाकुर की पत्नी ललिता देवी जख्मी भी है। सभी का इलाज डॉक्टर की देखरेख तथा नर्स की निगरानी में किया जा रहा है। घटना की खबर सुनकर आसपास के लोगों का हुजूम कुशल क्षेम जानने के लिए तुंबागडा अस्पताल में उमड़ पड़ा। वहां पर लोग मरीज के परिजनों को सांत्वना देते नजर आए। वहीं दूसरी ओर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिपरा कला मोड पर टेंपो पहले से खड़ा था। उसमें सवार सभी एक ही परिवार के लोग नगर भगवती पूजा करने जाने के लिए बैठे हुए थे। ढलान पर होने के कारण टेंपो अचानक ढ़ल गया और डालटनगंज से रांची की ओर जा रही बस के हिस्से में जा टकराया। घटना के बाद करीब आधा घंटे तक दोनों और से सड़क जाम की स्थिति बनी रही।