Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र में हुई कृष्णा महतो हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आराेपी सहित तीन आराेपियों काे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आराेपियों में राजेश महतो, मुकेश मुर्मू और आसिफ अंसारी शामिल है। इस संबंध में मृतक के बड़े भाई प्रकाश महतो ने गत 15 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनके छोटे भाई का अपहरण कर हत्या की नीयत से ले जाया गया है। इस मामले में बिरसानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया था। अगले ही दिन 16 अगस्त को पुलिस ने जांच के क्रम में जादूगुड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चतरो स्थित स्वर्णरेखा नदी से कृष्णा महतो का शव बरामद किया। शव की हालत देखकर साफ हो गया कि उसकी हत्या की गई थी।
छापेमारी के बाद पुलिस ने हत्या में शामिल मुख्य आरोपी राजेश महतो और उसके साथी मुकेश मुर्मू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया। दाेनाें ने स्वीकार किया कि कृष्णा महतो का अपहरण कर हाथ-पैर और मुंह बांधकर बिरसानगर थाना अंतर्गत लुपुंगडीह पुल से नीचे नदी में फेंका गया था। पूछताछ में आराेपियों ने यह भी खुलासा किया कि इस वारदात में उनका एक और साथी आसिफ अंसारी भी शामिल था, जिसने हाथ और मुंह बांधने में मदद की। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि मृतक कृष्णा महतो ने अपने दूर के चाचा लगने वाले राजेश महतो की पत्नी का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह राजेश पर दबाव बना रहा था कि उसकी पत्नी को कृष्णा के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर करे। इस ब्लैकमेलिंग से तंग आकर राजेश ने अपने साथी मुकेश और आसिफ के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। रविवार को संवाददाता सम्मेलन में बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शामिल सभी आराेपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।