चाईबासा में 22 मार्च से कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना

Politics

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : कोल्हान प्रमंडल के मुख्यालय चाईबासा में झारखंड और ओडिशा के जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 मार्च से 31 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाला है, जिसकी तैयारियां अब तेज कर दी गई हैं। सोमवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महशाे कमलेश ने प्रस्तावित स्थल टीआरटीसी गुईरा और हेलीपैड का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवास, भोजन, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर फादर किशोर लुगुन और फादर रंजीत के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस कार्यक्रम के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनसंपर्क की रणनीतियों के बारे में भी प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर स्थानीय स्तर पर समन्वय तेज कर दिया गया है ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसी एक दिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने और चाईबासा में ठहरने की संभावना है। उनके संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय को सौंपी गई है, ताकि जिला प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, आरजीपीआरएस प्रदेश अध्यक्ष सुनीत शर्मा, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश सिन्हा सन्नी, इंटक जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास, कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, ग्रामीण मुंडा सोंगा सुंडी, ग्राम सभा सचिव सैमसन सुंडी, सोशल मीडिया चेयरमैन रवि कच्छप, वरीय कांग्रेसी राम सिंह सावैयां सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Spread the love