पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात सामान्य
SUNIL KUMAR
तीनपहाड़/कल्याणचक (साहिबगंज): राजमहल थाना क्षेत्र के कल्याणचक में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद्दीन, पिता जमशेद, निवासी कालाबैहार को पुलिस ने तालझारी थाना क्षेत्र के बेलदाचक इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि कल्याणचक में सरेराह धारदार हथियार से दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला किया गया था। इस घटना में 28 वर्षीय मंतोष मंडल, पिता निर्दय मंडल, की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई प्रीतम मंडल (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें बेहतर इलाज हेतु पश्चिम बंगाल के एक अच्छे अस्पताल में लेकर जाया गया है।जहां उनकी हालत बहुत ही नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया था। हालात की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी विजय कुशवाहा, राजमहल थाना के साथ साथ कई थाना की पुलिस के एवं बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए शांति व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल जारी है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि यह घटना रेलवे अधिकार क्षेत्र में आती है, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई जीआरपी पुलिस द्वारा की जाएगी।मगर खबर लिखे जाने तक हालात काबू होने के पश्चात भी डीएसपी विजय कुशवाहा के अगुवाई में पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
