Eksandeshlive Desk
बड़कागांव: बड़कागांव थाना क्षेत्र के हरली पंचायत के हरली गांव में सोमवार रात करीब 10:15 बजे चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में हरली निवासी सुरेंद्र कुमार और देवकी कुमार, पिता स्वर्गीय बैजनाथ महतो, गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार के पेट में छुरा घोंपा गया, जबकि देवकी कुमार के माथे पर चोट आई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। घायलों के परिजनों ने बताया कि इलाज के बाद दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि यह घटना पुराने विवाद के कारण हुई। चाकूबाजी को अंजाम देने वालों में सात से आठ लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही बड़कागांव पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बड़कागांव थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मामले में अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। फिर भी, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है और जांच में जुट गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छानबीन कर रही है।
