चार दिनों से लापता युवक अनिश का शव मिलने से क्षेत्र मे सनसनी

Crime Ek Sandesh Live

अशोक अनन्त
चतरा: सदर प्रखण्ड के जयशंकर नगर सजना गांव निवासी अनिश कुमार सिंह उम्र लगभग 28 वर्ष पिछले चार दिनों से लापता था, लगातार परिवार युवक की खोज में थे। वह 3 मार्च की शाम घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से जब घर वापस नहीं लौटे तो परिजन काफी चिंतित और परेशान हो गए। अनिश की पत्नी शीतल देवी ने चतरा सदर थाना में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जिस अनिश कुमार सिंह को परिजन गली-गली तलाश कर रहे थे, उसका शव शनिवार दोपहर जिला नियोजनालय कार्यालय के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। आखिर तीन मार्च की रात ऐसा क्या हुआ कि अनिश घर वापस नहीं लौटे। आज दोपहर जब जिला नियोजनालय कार्यालय के समीप लोगों ने एक शव देखा, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त अनिश के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिनकी उम्मीदें आज एक झटके में टूट गईं। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि लापता होने का आवेदन हमें कल ही प्राप्त हुआ था, जिसके बाद पुलिस लगातार छानबीन कर रही थी। आज शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चतरा पुलिस सभी तरीके से मामले की तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस पूरे रहस्य से पर्दा उठाएगी। सजना गांव के लोग अब न्याय की मांग कर रहे हैं और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोग सकते में हैं।

Spread the love