Eksandeshlive Desk
मेसरा (रांची) : बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र से पिछले दिनों लापता हुई युवती खुशी कुमारी का रहस्य सुलझ गया है। वह किसी अनहोनी का शिकार नहीं हुई थी, बल्कि अपनी मर्जी से चेन्नई की एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने चली गई थी। युवती के सुरक्षित होने की खबर मिलने के बाद उसके पिता ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर केस बंद करने का अनुरोध किया है।
क्या था मामला? : नेवरी विकास निवासी मुकेश ठाकुर ने 22 मार्च 2026 को अपनी बेटी खुशी की गुमशुदगी की रिपोर्ट स्थानीय थाने में दर्ज कराई थी। इसके ठीक एक दिन बाद 23 मार्च को खुशी और उसकी सहेली खुशबू ने फोन कर परिवार को बताया कि वे चेन्नई (तमिलनाडु) के कोडियमपलायम स्थित डिक्सी मोडेनिक नामक कपड़ा सिलाई फैक्ट्री में नौकरी कर रही हैं। बेटी के सुरक्षित मिलने और नियमित बातचीत होने के बाद पिता ने शनिवार को थाने पहुंचकर राहत की सांस ली। मामले की पुष्टि करते हुए मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि युवती के पिता मुकेश ठाकुर ने लिखित रूप से सूचित किया है कि उनकी बेटी सुरक्षित है और चेन्नई की एक फैक्ट्री में कार्यरत है। युवती ने अपने परिवार से फोन पर बात की है। पुलिस अब नियमानुसार युवती का आधिकारिक बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करेगी। पुष्टि होने के बाद पूर्व में दर्ज गुमशुदगी के केस को बंद कर दिया जाएगा। युवती चेन्नई की कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रही है। पिता मुकेश ठाकुर अब बेटी से लगातार फोन पर संपर्क में हैं। कागजी कार्रवाई पूरी होते ही पुलिस फाइल बंद कर देगी। युवती के पिता मुकेश ठाकुर ने कहा,मेरी बेटी सुरक्षित है,यह जानकर बहुत बड़ा बोझ उतर गया। पुलिस ने हमारे आवेदन को स्वीकार कर लिया है ताकि कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
