11 गिरफ्तार, झारखंड एटीएस और बिहार पुलिस की संयुक्त छापेमारी, करकट के मकान में चल रहा था करोड़ों का अवैध शराब निर्माण कारोबार, मुख्य सरगना गोपाल सिंह फरार
Eksandeshlive Desk
बोकारो : झारखंड एटीएस, बिहार मद्य निषेध इकाई और चिरा चास थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। इससे पहले शनिवार दोपहर लगभग 2:10 बजे वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली कि अंतरराज्यीय गिरोह चिरा चास थाना क्षेत्र के नंदुआ स्थान में गोपाल सिंह के करकट के बने मकान में अवैध विदेशी शराब का निर्माण कर रहा है। सूचना मिलते ही झारखंड एटीएस, बिहार मद्य निषेध इकाई और चिरा चास थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इसकी जानकारी चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान को चारों ओर से घेर लिया और भीतर 11 लोगों को शराब निर्माण व पैकिंग करते हुए पकड़ा। पूछताछ में किसी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। सभी ने स्वीकार किया कि इस अवैध कारोबार का मुख्य सरगना गोपाल सिंह है, जो फरार है। पुलिस ने सभी 11 आरोपियों को हिरासत में लेकर शराब और संबंधित सामग्री जब्त कर ली।
भारी मात्रा में अवैध शराब और वाहन जब्त : पुलिस ने मौके से 1563 लीटर अवैध विदेशी शराब और 360 लीटर स्पिरिट जब्त की है। साथ ही आइकोनिक व्हाइट और इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की दर्जनों कार्टन, शराब निर्माण में प्रयुक्त मशीन, बोतलें, ढक्कन, स्टीकर, मोबाइल और वाहनों को भी बरामद किया गया। जब्त वाहनों में ऑडी, फोर्ड एंडेवर, स्कॉर्पियो, वर्ना, स्विफ्ट, सफारी सहित कुल 10 चारपहिया वाहन और 3 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने जिन 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सौरभ कुमार सिंह, शिवजी गुप्ता, गणेश गोराई, रितेश कुमार सिंह, उत्तम गोराई, संजीव कुमार, रोहित कुमार, बजरंग स्वर्णकार, विकास कुमार, सन्नी कुमार और चंदन कुमार सिंह शामिल हैं। इनमें कई आरोपी पहले से ही उत्पाद अधिनियम और पॉक्सो कांड में वांछित हैं। इस संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदन कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी राजकुमार सेठ, आनंद प्रकाश लकड़ा, रंजन मिश्रा, बीर बहादुर सिंह, रमेश रजवार सहित झारखंड एटीएस और बिहार मद्य निषेध इकाई पुलिस के सदस्य शामिल थे। इस मामले में चिरा चास थाना कांड संख्या–136/2025 दिनांक 02.11.2025 दर्ज की गई है। मामला धारा 274/275/276/111(2) BNS एवं धारा 47(ए)/55 उत्पाद अधिनियम 2015 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी गोपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
