चक्रधरपुर में युवक की भुजाली से गला काटकर हत्या, घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में बुधवार देर रात गैंगखोली इलाके में एक युवक की भुजाली से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान शीतला मंदिर वार्ड संख्या 7 निवासी राज तांती के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार राज तांती गैंगखोली क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ मिलकर अवैध धंधा करता था। बताया जा रहा है कि उसने एक युवक से कुछ पैसे उधार लिए थे। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे उधार की रकम वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान आरोपित ने भुजाली निकालकर राज तांती के गले और पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसका गला बुरी तरह कट गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राज तांती किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा और कटे हुए गले को हाथ से दबाए हुए अपने घर शीतला मंदिर क्षेत्र तक पहुंच गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह घर पहुंचते ही जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के पिता मारतुल तांती ने धर्मेंद्र प्रधान के पुत्र सन्नी प्रधान पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उधार के पैसे को लेकर सन्नी ने पहले मारपीट की और फिर भुजाली से गला काटकर उनके बेटे की हत्या कर दी।

सूचना मिलते ही पोड़ाहाट के डीएसपी कुमार विनोद, चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सहित पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है और आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इधर, मृतक की बहन शांति का कहना है कि घटना का संबंध ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से है। हत्या अवैध ब्राउन शुगर के रुपये को लेकर उसके भाई की हत्या की गई है।

Spread the love