चतरा में मातम, बिहार के गया जिले से बारात लेकर आ रही गाड़ी घाटी में पलटी, चालक की मौत, चार घायल

Road Accident

Ashok Anant

चतरा : जिले के सदर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बिहार के गया जिले से चतरा आ रही एक बारात की गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। सामग्री घाटी के पास हुए इस हादसे में गाड़ी के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना ने शादी वाले घर के साथ-साथ पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना चतरा सदर थाना क्षेत्र के सामग्री घाटी स्थित यादव होटल के समीप की है।

जानकारी के अनुसार, बिहार के गया जिले के हेमजापुर, शेरघाटी निवासी 25 वर्षीय रजा खान (पिता- मोहम्मद मुश्ताक अली खान) बुधवार रात करीब 11 बजे बारात लेकर चतरा आ रहे थे। तभी अचानक एक अज्ञात वाहन के चकमे या उसे बचाने के प्रयास में बारात की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि चालक रजा खान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और होटल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे अन्य चार घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद रजा खान के शव को गाड़ी से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि एक बेलगाम वाहन को बचाने के चक्कर में चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया था। पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों की तलाश कर रही है। रजा खान की मौत की खबर मिलते ही शेरघाटी में उनके परिजनों के बीच कोहराम मच गया है। बारात की खुशियों का इस तरह मातम में बदल जाना वाकई झकझोर देने वाला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का उपचार जारी है।

Spread the love