Eksandeshlive Desk
चतरा : चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने लोकसभा में चतरा लोकसभा क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास की दिशा में रेल नेटवर्क एक महत्वपूर्ण कदम है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी चतरा जैसे बड़े क्षेत्रफल वाले क्षेत्र का रेल नेटवर्क से वंचित रहना वास्तव में विचारणीय विषय है। सांसद ने रेल मंत्री को यह आग्रह किया कि चतरा लोकसभा क्षेत्र में विभिन्न मार्गों पर रेल लाइन का विस्तार आवश्यक है।
उन्होंने यह तर्क रखा कि चतरा संसदीय क्षेत्र के नागरिकों का व्यापार, यात्रा एवं अन्य कार्यों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में आवागमन होता रहता है। ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार नागरिकों के लिए सहूलियत के साथ-साथ विकास का द्वार भी खोलेगा। सांसद ने यह भी बताया कि चतरा को रेल नेटवर्क से जोड़े जाने पर बिहार, दिल्ली और मुंबई के लिए एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। जो सैन्य दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण होगा। साथ ही आमजन को सुगम आवागमन के साथ व्यापारिक लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। सांसद की यह पहल क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक आशा की किरण है।