CMD एवं MD की शीघ्र नियुक्ति श्रमिक संघ ने की मांग: अजय राय

360° Ek Sandesh Live

रांची। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने राज्य की ऊर्जा व्यवस्था से जुड़े एक गंभीर विषय पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन को ईमेल के माध्यम से पत्र प्रेषित किया है। पत्र में झारखंड ऊर्जा विकास निगम में चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण शीर्ष पदों के पिछले लगभग दो महीनों से रिक्त पड़े रहने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई है। संघ के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि ऊर्जा विकास निगम राज्य की आवश्यक सेवाओं से जुड़ा विभाग है, जो प्रदेश की बिजली आपूर्ति, वितरण और उपभोक्ता सेवाओं की रीढ़ है। शीर्ष नेतृत्व के अभाव में निगम के प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय कार्यकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नीतिगत निर्णयों में देरी, योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा तथा कर्मचारियों और उपभोक्ताओं से जुड़े मामलों के समाधान में अनावश्यक विलंब की स्थिति बनी हुई है। अजय राय ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ऊर्जा विभाग का प्रभार स्वयं माननीय मुख्यमंत्री के पास है, ऐसे में CMD एवं MD जैसे महत्वपूर्ण पदों का लंबे समय तक खाली रहना चिंता का विषय है। श्रमिक संघ का मानना है कि यदि शीघ्र स्थायी और सक्षम नेतृत्व की नियुक्ति नहीं की गई, तो इसका नकारात्मक असर राज्य की ऊर्जा व्यवस्था, कर्मचारियों के मनोबल और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने मुख्यमंत्री से जनहित एवं राज्यहित को ध्यान में रखते हुए निगम में CMDएवं MD पदों पर तत्काल योग्य और अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति की मांग की है, ताकि निगम की कार्यप्रणाली पुनः सुचारू रूप से संचालित हो सके और उपभोक्ताओं को बेहतर व निर्बाध विद्युत सेवाएं मिल सकें। संघ को पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए सकारात्मक एवं आवश्यक निर्णय लेंगे।

Spread the love