Eksandeshlive Desk
हजारीबाग : जिले के बरकठा थाना पुलिस ने ग्रामीण डॉक्टर से रंगदारी मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में नावेद खान उर्फ गोलू खान, सलमान अंसारी, अबूल अंसारी, अफसर अंसारी, आलोक कुमार, सत्यम कुमार शामिल हैं। इनके पास से एक देसी पिस्टल, आठ जिंदा गोली, एक बजाज प्लसर मोटरसाइकिल (जेएच 02 एएल-4873) और छह मोबाइल बरामद किये गये हैं। एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने सोमवार को बताया कि बीते 30 अक्टूबर की रात में गुलाम रबानी को मोबाइल नं0-6291285513 से इनके मोबाइल पर फोन कर दस लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। फिर 6 नवंबर को गुलाम के घर के पार्किंग में खडी वाहन में गोली मारने की घटना को अंजाम दिया गया था।
इस संबंध में बरकट्ठा थाना में मामला दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देशानुसार मामले का खुलासा करने के लिए बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें बरकट्ठा थाना एवं गोरहर थाना के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मामले में शामिल सभी अपराधकर्मियों को घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल एवं आठ गोली के साथ गिरफ्तार किया गया। अपराधकर्मियों ने अपना अपना अपराध स्वीकार किया है। इन अपराधियों की ओर से टाटीझरिया थाना अंतर्गत भी इसी मोबाइल नंबर से ब्लैकमेल कर रंगदारी मांगने की बात प्रकाश में आई है।
