डॉ. सुनीता यादव ने दैनिक जीवन और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग पर दिया जोर

360° Education Ek Sandesh Live

“दैनिक जीवन में हिंदी का उपयोग” विषय पर हिंदी कार्यशाला का आयोजन

DEEPAK KUMAR

रांची: आईसीएआर–भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (IIAB), रांची द्वारा “दैनिक जीवन में हिंदी का उपयोग” विषय पर एक हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हिंदी भाषा के महत्व और उसके व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना था।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में रांची विश्वविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने हिंदी भाषा एवं साहित्य के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए दैनिक जीवन और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुधीर यादव ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव और अंग्रेज़ी भाषा के तेजी से बढ़ते उपयोग के कारण हिंदी कहीं न कहीं पीछे छूटती जा रही है। उन्होंने हिंदी को समृद्ध बनाने और उसके प्रयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस कार्यक्रम में संस्थान की ओर से संयुक्त निदेशक (अनुसंधान) डॉ. विजई पाल भदाना, संयुक्त निदेशक (शैक्षणिक) डॉ. किशोर कुमार कृष्णानी तथा वैज्ञानिक एवं हिंदी अधिकारी डॉ. कार्तिक शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रही। अंत में सभी उपस्थित जनों ने हिंदी के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प लिया।

Spread the love