Eksandeshlive Desk
गांधीनगर/अहमदाबाद : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में शुक्रवार काे राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) गांधीनगर का तीसरा दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के 1,562 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की। इनमें 12 छात्रों को डॉक्टरेट ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी), एक छात्र को डॉक्टरेट ऑफ लॉ (एलएलडी) और अन्य छात्रों को डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर और स्नातकोत्तर डिप्लोमा की डिग्री प्रदान की गई। इसके अलावा, प्रतिभाशाली छात्रों को राष्ट्रपति द्वारा स्वर्ण पदक भी प्रदान किये गये। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दीक्षांत समारोह में स्नातक छात्रों को बधाई दी। उन्हाेंने डिग्री प्राप्त करने में सफल रहे छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आइये हम सभी एक संवेदनशील न्याय प्रणाली पर आधारित विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हों।
राष्ट्रपति ने कहा कि आज दुनिया भर में फोरेंसिक विज्ञान का महत्व बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज 15 देशों के 70 से अधिक छात्रों को इस विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय से डिग्री भी मिली हैं। इतना ही नहीं, इस विश्वविद्यालय ने सिविल सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, वित्त, बैंकिंग, न्यायपालिका समेत महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लगभग 30,000 अधिकारियों को प्रशिक्षित भी किया है। अपराधियों पर नियंत्रण तथा हाशिए पर पड़े नागरिकों के लिए त्वरित एवं सुलभ न्याय सुनिश्चित करने में फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की भूमिका महत्वपूर्ण है। देश में फोरेंसिक विज्ञान आधारित पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए मिशन मोड पर काम किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने इसके लिए गृह मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय और फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय को बधाई दी। राष्ट्रपति ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से त्वरित और सुलभ न्याय प्रक्रिया के लिए अपने ज्ञान का उचित उपयोग करें। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और त्वरित न्याय आपका लक्ष्य होना चाहिए। उन्हाेंने कहा कि एक जुलाई 2024 भारत के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण दिन था। इस दिन दंड के बजाय न्याय पर आधारित तीन नए कानून लागू किए गए। इनमें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023, भारतीय न्यायिक संहिता-2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 शामिल हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि जिन मामलों में सजा सात वर्ष या उससे अधिक है, उनमें अपराध की जांच फोरेंसिक विशेषज्ञों से कराना अनिवार्य करने से इस क्षेत्र के विशेषज्ञों की तत्काल आवश्यकता पैदा होगी। यह आवश्यकता राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय गांधीनगर के माध्यम से पूरी की जाएगी। अच्छे शासन की असली पहचान अपराध पर नियंत्रण, अपराधियों में सजा का डर और नागरिकों में शीघ्र न्याय पाने का विश्वास है। हम विरासत और विकास को मिलाकर एक विकसित भारत का निर्माण करने जा रहे हैं, जिसमें इस विश्वविद्यालय के विद्यार्थी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले सफल विद्यार्थियों में छात्राओं की संख्या अधिक होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि न्याय प्रक्रिया में देरी के अनेक कारणों में एक महत्वपूर्ण कारण यह है कि विश्लेषण और परीक्षण शीघ्रता से नहीं किया जाता। इस प्रक्रिया को राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के माध्यम से त्वरित किया जाएगा। उन्होंने सभी से अपराधियों की नई तकनीकों से निपटने के लिए अधिक सुसज्जित होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसी तैयारी से ही अपराधी अपराध करने से डरेंगे। इतना ही नहीं, न्याय प्रक्रिया भी तेज होगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।