देश में मुसलमानों को आरक्षण का कोई हक नहीं : हिमंत बिस्वा सरमा

Ek Sandesh Live Politics

Eksandesh Desk

रामगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि देश में मुसलमानों को आरक्षण का कोई हक नहीं है। वह आरक्षण यहां के एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को मिलना चाहिए। जिन राज्यों में कांग्रेस और उनके गठबंधन की सरकार है, वहां पर ओबीसी के आरक्षण को काटकर मुसलमानों को दिया जा रहा है लेकिन भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण खत्म कर देगी।

हिमंत बिस्वा सरमा रामगढ़ जिले के रजरप्पा सीसीएल ग्राउंड में भाजपा उम्मीदवार मनीष जायसवाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने 300 सीटें पार किया था तब देश में कई कार्य हुए। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटा दिया गया। बाबरी मस्जिद की जगह भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो गया। देश में सीएए लागू हो गया। अब 400 सीटें पार होंगी तो मथुरा और काशी के ज्ञानव्यापी में मंदिर बनाया जाएगा। साथ ही पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भी भारत में शामिल करा लिया जाएगा।

मुस्लिम महिलाएं भी नहीं चाहती कि उनके पति तीन शादी करें

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम में भी 36 फीसदी मुस्लिम आबादी है। जब भी वे मुसलमान भाइयों के बीच जाते हैं तो सबसे पहली बात यह कहते हैं कि वे लोग तीन शादी नहीं करें। हकीकत है कि मुस्लिम माताएं और बहनें भी यह नहीं चाहती हैं कि उनके पति तीन शादी करें। आज देश की सामाजिक दशा को बदलने के लिए यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होना बेहद जरूरी है। अबकी बार 400 सीटें पार होगी तो यह कानून भी लागू कर दिया जाएगा।