दहेज की मांग से प्रताड़ित होकर नवविवाहिता ने की खुदकुशी, ससुरालवालों पर मामला दर्ज

Crime

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित एमपी रोड मकान नंबर आठ में रहने वाली नवविवाहिता ने दहेज की मांग से प्रताड़ित हाेकर शुक्रवार को खुदकुशी कर ली। महज 16 दिन पहले रिता कुमारी शादी के बंधन में बंधी थी। पुलिस ने मामले में पति, सास और ससुर के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार गम्हरिया चित्रगुप्त नगर निवासी वैद्यनाथ महतो की बेटी रिता की शादी 29 अप्रैल को सोनारी निवासी चंदन महतो से हुई थी। शादी के बाद से ही रिता को उसके ससुरालवालों द्वारा नई बाइक की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़िता ने इसकी जानकारी कई बार अपने मायके वालों को भी दी थी। रिता के पिता वैद्यनाथ महतो ने थाने में दर्ज कराए बयान में कहा कि दहेज में बाइक न मिलने के कारण उनकी बेटी की हत्या की गई है और बाद में उसे खुदकुशी का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया। घटना के समय रिता का पति चंदन काम पर गया हुआ था। इस बीच उसकी मां सावित्री महतो ने फोन कर चंदन को बताया कि रिता ने खुदकुशी कर ली है।

सूचना मिलते ही चंदन घर पहुंचा और ससुराल पक्ष की मदद से रिता को फंदे से उतारकर तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोनारी थाना पुलिस ने रिता के पिता के लिखित बयान के आधार पर पति चंदन महतो, सास सावित्री महतो और ससुर देवेन महतो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Spread the love