ढिबरा चुनने के दौरान चाल धंसने से महिला की मौत

360°

Eksandeshlive Desk

कोडरमा : जिला मुख्यालय स्थित सिविल कोर्ट के पीछे जंगल (वन्य प्राणी आश्रयणी) में ढिबरा चुनने के दौरान चाल धंसने से एक महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि शनिवार को कई अन्य लोगों के साथ महिला भी ढिबरा चुनने गई थी तभी हुए हादसे में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शिव मुहल्ला निवासी 45 वर्षीया कंचन देवी (पति पप्पू पासवान) अन्य महिलाओं के साथ सिविल कोर्ट के पीछे जमा ढिबरा के ढेर में चाल बनाकर ढिबरा चुन रही थी। इसी दौरान अचानक चाल धंस गई जिसमें वह दब गई। घटना के बाद महिलाओं के द्वारा शोर किया गया। आसपास के लोग महिला को बाहर निकालकर कोडरमा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इसकी सूचना कोडरमा पुलिस को मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।