धनबाद में मामूली विवाद पर पीट-पीटकर हत्या

Crime

Eksandeshlive Desk

धनबाद : धनबाद के अलकडीहा ओपी क्षेत्र के सुरुंगा कुम्हार टोला से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। इलाके के रहने वाले 55 वर्षीय भुलेश्वर कुम्भकार की पिटाई के बाद मौत हो गई। परिजनों ने इस मामले में गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बाइक से एक्सीडेंट हुआ था, उसी के विवाद में पीटा गया : मृतक के पुत्र राजू कुम्भकार ने शनिवार को अलकडीहा ओपी में दिए आवेदन में बताया कि गत शुक्रवार की शाम करीब सात बजे उसके पिता के साथ काम करने वाले फरक महतो ने सूचना दी कि उसके पिता पहाड़ीगोड़ा स्थित राघु महतो के घर के पास घायल अवस्था में पड़े हैं। जब वह अपनी मां के साथ मौके पर पहुंचा, तो देखा कि राघु महतो, रतन महतो, राघु महतो का पुत्र और चार-पांच अन्य लोग उसके पिता की बेरहमी से पिटाई कर रहे थे। राजू के अनुसार, जैसे ही वे दोनों मां-बेटा वहां पहुंचे, सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल पिता को आनन-फानन में एसएनएमएमसीएच धनबाद ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी रात में ही मौत हो गई। उसने बताया कि उसके पिता की बाइक से एक्सीडेंट हुआ था, उसी के विवाद में उसके पिता को बुरी तरह से पीटा गया। परिजनों का आरोप है कि राघु महतो और उसके साथियों की पिटाई से ही भुलेश्वर कुम्भकार की मौत हुई है।

Spread the love