धनबाद : प्रशासन छह फीट रास्ता देने को तैयार, फिर भी अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी

360°

Eksandeshlive Desk

धनबाद : धनबाद कोर्ट परिसर के समीप रास्ता और पार्किंग की मांग को लेकर अधिवक्ताओं की ओर से की जा रही हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी जारी रही। लगातार विरोध और आंदोलन के बीच जिला प्रशासन ने 6 फीट का रास्ता देने को लेकर मंगलवार से कार्य शुरू कर दिया है। नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, जहां जेसीबी मशीन के माध्यम से कोर्ट परिसर के पास बनी एक दुकान को आंशिक रूप से हटाकर रास्ता बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, प्रशासन की ओर से भले ही काम की शुरुआत कर दी गई हो, लेकिन अधिवक्ता इससे संतुष्ट नहीं हैं।

बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का कहना है कि जिला प्रशासन की ओर से पहले 16 फीट चौड़ा रास्ता देने का आश्वासन दिया गया था। इसके साथ ही कोर्ट परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करने की बात भी कही गई थी, लेकिन अब तक इन दोनों में से किसी भी मांग पर अमल नहीं हुआ है। अधिवक्ताओं का कहना है कि केवल 6 फीट का रास्ता देकर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता। इसी कारण हड़ताल फिर से जारी रखी गई है। अधिवक्ताओं ने बताया कि वे सभी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के साथ आपस में बैठक करेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे। रणनीति तय होने के बाद ही आंदोलन को लेकर अगला कदम उठाया जाएगा।

Spread the love