धनबाद रेलवे पार्सल कार्यालय में अवैध रूप से रखे गए 500 खरगोश, हंगामा

Crime

Eksandeshlive Desk

धनबाद : धनबाद रेलवे पार्सल कार्यालय में रविवार को उस समय हंगामा मच गया जब पशु अधिकार कार्यकर्ता शौमिक बनर्जी अपने सहयोगियों के साथ कार्यालय पहुंचे। उन्हें सूचना मिली थी कि पार्सल कार्यालय में कई दिनों से करीब 500 खरगोश अवैध रूप से रखे गए हैं और उन्हें ट्रेन के जरिए किसी अन्य स्थान पर तस्करी कर ले जाने की योजना थी। जांच में पता चला कि शाहा एंटरप्राइजेज इन खरगोशों को धनबाद से मुरादाबाद भेजने की तैयारी कर रहा था।

पशु अधिकार कार्यकर्ता शौमिक बनर्जी ने बताया कि प्रत्येक पिंजरे में अधिकतम 10 खरगोश ले जाने की अनुमति है, लेकिन यहां भारी ओवरलोडिंग की गई थी। न तो भोजन की कोई व्यवस्था थी और न ही पानी की। इसी लापरवाही के कारण लगभग चार खरगोशों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ ने वहीं बच्चे भी दिए हैं। शौमिक के अनुसार, यदि इन खरगोशों को शीघ्र ही नहीं बचाया गया, तो सभी की जान जा सकती है। इस बीच, पार्सल कर्मचारी रूपक कुमार ने कहा कि उचित कागजात न होने और नियमों का पालन न किए जाने के कारण पार्सल को रोक दिया गया था। वहीं, खरगोश लाने वाला व्यक्ति अपनी तबीयत खराब होने का हवाला देकर कार्यालय से बाहर चला गया।

Spread the love