धूमधाम से मना प्रकृति पर्व सरहुल, निकाली गयी शोभायात्रा

Ek Sandesh Live Religious

सरहुल में, युवक-युवतियों के नृत्य और पारंपरिक वेश-भूषा के कारण सड़क पर दिखी झारखंड की समृद्ध संस्कृति की झलक

AMIT RANJAN

कोलेबिरा (सिमडेगा ): आदिवासियों का प्रकृति पर्व सरहुल के अवसर पर मंगलवार को सिमडेगा जिले के कोलेबिरा प्रखंड में विशाल शोभायात्रा निकाली गयी। पूरे प्रखंड में सरहुल का पर्व धूमधाम से मनाया गया। अवसर पर धरना स्थल में पहान पुजार द्वारा आदिवासियों के इष्टदेव मारांग बुरु व इष्टदेवी जोहार आयो की पारंपरिक विधि विधान से विधिवत् पूजा की। उन्हें सखुआ का फूल चढ़ाया गया । तत्पश्चात सरना धर्मावलंबियों के श्रद्धालुओं को कान पर सखुए का फूल लगाकर पहान द्वारा बधाई दी गई। कोलेबिरा जाम टांगरा के समीप सरना स्थल से शोभा यात्रा आरंभ हुई शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई थाना रोड. भोगता टोली इन्द टांड. श्री श्री खिलेश्वर बूढ़ा महादेव सरना मंदिर देवी गुड़ी चौक होते हुए रण बहादुर सिंह चौक पहँचते-पहँचते शोभायात्रा में भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल और नगाड़ों की गूँज पर युवक-युवतियों की टोलियाँ सरहुल गीत गाती हुई थिरक रही थीं। बीच-बीच में एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर सरहुल की शुभकामनाएँ भी दे रहे थे। सरहुल गीत, युवक-युवतियों के नृत्य और पारंपरिक वेश-भूषा के कारण सड़क पर झारखंड की समृद्ध संस्कृति की झलक दिख रही थी। इसके साथ- आधुनिक नागपुरी गीतों पर लोग थिरकते हुए पुनः सरना स्थल पहुंची जहां पाहन (आदिवासी पुरोहित) द्वारा पूजा सम्पन्न होने के बाद शोभायात्रा का विसर्जन हुआ।

अवसर पर पहान पुजार द्वारा बताया गया सरहुल का मुख्य उद्देश्य समाज के अस्तित्व को बचाये रखने के लिए वृक्षों की रक्षा करना है; ताकि पर्यावरण स्वच्छ रहे और मनुष्य सहित अन्य जीवों का जीवन संकट में न पड़े। वही सरहुल के शोभायात्रा में प्रखंड विकास पदाधिकारी वीरेंद्र किड़ों प्रखंड प्रमुख दुतामी हेंब्रोम उप प्रमुख सुनीता देवी कोलेबिरा ग्राम पंचायत मुखिया अंजना लकड़ा अघरमा मुखिया अंजू रीना मिंज विनोद कुमार डब्लू कुंती देवी शामिल थे प्रशासन की ओर से कोलेबिरा थाना प्रभारी शशि शंकर सिंह के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ए एस आई कौशल कुमार सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा बल को भी तैनात किया गया था। वही चौक-चौराहो पर दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षा बल मुस्तैद थे।