धूमधाम से मनेगा जनजाति गौरव दिवस, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

CULTURE

Eksandeshlive Desk

रांची : भगवान बिरसा मुंंडा की जयंती दिवस पर आगामी 15 नवम्बर को देशभर में आयोजित जनजाति गौरव दिवस के तहत पदमश्री रामदयाल मुंडा फुटबाल मैदान, रांची में भव्य कार्यक्रम आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि‍ के रूप में राज्यपाल संतोष गंगवार शामिल होंगे। राज्यपाल ने कार्यक्रम में आने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह जानकारी जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति के कार्यालय सचिव महेश मुंडा ने गुरुवार को संवाददाताओं को रांची में दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जगलाल पाहन को आयोजन समिति का संयोजक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि रांची में आयोजित इस कार्यक्रम में जनजाति समाज में कार्यरत अलग-अलग सामाजिक संस्थाएं एकत्रित करेंगी। जनजाति समाज के लोकनृत्य और लोक कलाओं की प्रस्तुति होगी। जनजाति समाज की गौरव गाथा को लेकर वक्ता मार्गदर्शन करेंगे। सम्पूर्ण परिसर को जनजाति महापुरुषों के कटाआउट से सजाया जायेगा।

मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा ने उस समय अंग्रेजों से गुलाम भारत को स्वतंत्र कराने के लिए सम्पूर्ण समाज के साथ बड़ा संघर्ष किया था जब अंग्रेज जनजाति समाज की धर्म-संस्कृति एवं परम्परा को नष्ट करने का षड्यंत्र कर रहे थे। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ भी आवाज उठायी। देशभर में हजारों जनजाति समाज के लोगों ने भगवान बिरसा मुण्डा, सिद्धो-कान्हु, तिलका मांझी, नीलाम्बर-पीताम्बर, मामा टंट्या भील सहित कई योद्धाओं के नेतृत्व में अंग्रेजों से लोहा लिया। लेकिन दुख के साथ कहना पडता है कि पूर्व की सरकारों ने देश में भगवान बिरसा की गौरव गाथा का सम्मान नहीं दिया। यहां तक की इतिहास के पन्ने में स्थान तक नहीं दिया। लेकिन पहली बार है जब 2022 में देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुण्डा के जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। इससे भारत के जनजातीय महापुरुषों को बडा सम्मान म‍िला। मौके पर जगलाल पाहन, बबलु मुंंडा, अशोक मुण्डा, मेघा उरांव, सोमा उरांव, बुधराम बेदिया, लुथरू उरांव सहित मौजूद थे।

Spread the love