Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए जनता का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विकास और सुशासन की जीत हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “जनशक्ति सर्वोपरि। विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को दिल्ली भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन। आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार।” उन्होंने कहा कि दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे दिल्ली भाजपा के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।
नड्डा ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई, कहा-‘आप-दा’ मुक्त हुई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। शनिवार को सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में नड्डा ने कहा कि अब दिल्ली ‘आप-दा’ मुक्त हो गई है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र के कुशल नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता-जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने प्रत्येक बूथ पर अथक परिश्रम करने वाले भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व को हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘आप-दा’ सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, और तुष्टीकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थीं। आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है। यह जनादेश ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- दिल्ली के दिल में मोदी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणामों में पार्टी के निर्णायक बढ़त की ओर अग्रसर होने पर अनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जनता ने बता दिया है कि दिल्ली के दिल में मोदी हैं। अमित शाह ने एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि दिल्ली के दिल में मोदी हैं। दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के ‘शीशमहल’ को नेस्तनाबूत कर दिल्ली को आप-दा मुक्त करने का काम किया है। दिल्ली ने वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेगा। यह दिल्ली में विकास और विश्वास के एक नए युग का आरंभ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है। यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है।
दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी पर जनता के विश्वास की जीत : चुघ
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव तरुण चुघ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत पर खुशी जाहिर करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। तरुण चुघ ने शनिवार को जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत ऐतिहासिक है, यह जीत मोदी पर जनता के विश्वास की है। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के विकास माडल की है। यह दिल्ली के जन जन की जीत है और झूठे ड्रामेबाज लोगों की हार है। तरुण चुघ ने कहा कि शीशमहल में रहने वालों को दिल्ली की जनता ने आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अद्वितीय नेतृत्व, भाजपा की संगठनात्मक रणनीति और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है। यह ऐतिहासिक परिणाम दर्शाता है कि दिल्ली की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपना अटूट विश्वास प्रकट किया है। इस शानदार सफलता के लिए दिल्ली की जागरूक जनता, परिश्रमी कार्यकर्ताओं और समर्पित पदाधिकारियों का हृदय से आभार एवं अभिनंदन।
ये जीत दिल्ली के विश्वास की, भविष्य की है : प्रवेश वर्मा
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा निर्णायक बढ़त बनाए हुए है। इसमें सबसे बड़ा उलटफेर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल की हार है। उन्हें भाजपा के प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने पराजित किया। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित कांग्रेस उम्मीदवार थे। हालांकि नई दिल्ली सीट के चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को 4000 से अधिक वोटों से हराया। जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रवेश वर्मा ने इस जीत को दिल्ली के विश्वास की जीत बताया है। प्रवेश वर्मा ने एक्स पोस्ट में कहा कि अंधेरा छट गया, सूरज निकल गया, कमल खिल गया। ये जीत दिल्ली के विश्वास की, भविष्य की है। प्रवेश वर्मा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व और पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत के आभारी हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों को बधाई दी। चुनाव जीतने के बाद प्रवेश वर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
आप व कांग्रेस के फैलाये कीचड़ में कमल खिला: मोहन यादव
महाकुम्भनगर : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को को प्रयागराज महाकुम्भ में पहुंचकर एक साथ संगम में डुबकी लगाई। दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी में स्नान के बाद सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि सत्य कभी पराजित नहीं होता। प्रधानमंत्री जिस तरह से लोक कल्याण की भावना के साथ शासन कर रहे हैं, दिल्ली की जनता ने भी उस पर विश्वास जताया है। पहले हरियाणा, फिर महाराष्ट्र और अब दिल्ली, यह सिलसिला जारी रहेगा। मेरी तरफ से बधाई भाजपा कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की, भाजपा भारी बहुमत से जीत रही है। उन्होंने कहा कि आप व कांग्रेस की असलियत को जनता जान गई है और आज उनके फैलाये कीचड़ में कमल खिला है।