दिल्ली सरकार ने बाढ़ प्रभावितों के लिए 52 ट्रक राहत सामग्री पंजाब भेजी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री से भरे 52 ट्रकों को रवाना किया है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ग्रस्त पंजाबवासियों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पंजाब की मिट्टी की महक दिल्ली की रगों में रची-बसी है। हम एक ही परिवार हैं और जब पंजाब संकट में है तो दिल्ली उसका दर्द बांटने के लिए उसके साथ खड़ी है। उन्होंने सभी मंत्रियों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इतने कम समय में भोजन सामग्री से लेकर हर आवश्यक वस्तु की व्यवस्था सुनिश्चित की।

दिल्ली पंजाब के लिए हर संभव मदद करने के लिए तैयार : मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने पंजाब के मुख्यमंत्री भागवत मान से भी बात की है और उन्हें आश्वस्त किया है कि इस कठिन घड़ी में दिल्ली पंजाब के लिए हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश एक परिवार की तरह हर पंजाबवासी के साथ खड़ा है। इस मौके पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘प्राकृतिक आपदा’ की इस कठिन घड़ी में दिल्ली भाजपा संगठन द्वारा सेवा के दायित्व का पालन करते हुए आज पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए 52 ट्रकों में राहत सामग्री रवाना की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब प्रदेश के लोगों पर भयंकर प्राकृतिक आपदा आई है, प्राकृतिक आपदाओं पर किसी का बस नहीं चलता, परन्तु ऐसे समय में मदद का हाथ बढ़ाना ही सच्ची मानवता है। भाजपा सरकार और संगठन यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोगों तक तुरंत राहत पहुंचे और उनकी समस्याओं का निवारण हो सके। इस मौके पर दिल्ली सरकार के कई मंत्री और भाजपा नेता मौजूद रहे।

Spread the love