दिनदहाड़े अगवा कर युवक की गोली मारकर हत्या

Crime

पांच की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया, घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर नई मुहल्ला में रविवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मारने से पहले अपराधियों ने युवक को अगवा किया। चैनपुर से बाइक पर उठा कर पिटाई करते हुए तीन किलोमीटर दूर ले जाकर हत्या कर दी। गोली मारने से पहले युवक को चाकू मारने के जख्म के निशान मिले हैं। मृतक की पहचान चैनपुर पठान मोहल्ला निवासी इबरार हजाम (मिस्त्री) के 30 वर्षीय पुत्र हसन अली के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पांच की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। हत्या करने से पहले युवक को ले जाते समय का दृश्य आसपास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस उसके आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। मृत युवक के पैकेट से प्रतिबंधित सिरप बरामद किया गया है।

हसन हत्याकांड का आरोपी रहा है और वर्ष 2020 में जेल भी गया था : जानकारी के अनुसार, हसन अली और विनय अग्रवाल चैनपुर में अस्पताल चौक के समीप बैठे हुए थे। इसी क्रम में 4 से 5 युवक वहां पहुंचे और दोनों युवकों की पिटाई की। हसन अली को जबरन बाइक पर बैठा लिया और वहां से लेकर चले गए। करीब तीन किलोमीटर दूर ले जाने के बाद उसकी पुनः पिटाई की और फिर चाकू से मारने के बाद गले के हिस्से में सटाकर गोली मार दी। विनय ने घटना की जानकारी हसन के परिजनों को दी। परिजन ढूंढते हुए शाहपुर नई मोहल्ला पहुंचे। यहां से हसन का शव बरामद किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लिया। परिजनों के अनुसार, हसन मुंबई में रहकर पेंटिंग का काम करता था। मोहर्रम के समय घर आया था। परिजनों ने शाहपुर के सद्दाम नामक युवक पर हत्या करने की आशंका व्यक्त की है। इधर जानकारी मिली है कि हसन हत्याकांड का आरोपी रहा है और वर्ष 2020 में जेल भी गया था। जेल से निकलने के बाद वह मुंबई में रहकर काम करता था। इस संबंध में चैनपुर के थाना प्रभारी राम शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमास्टर्म कराने के लिए राजा मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया। अपराधियों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हत्या के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है कि आपसी रंजिश थी या कुछ और। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Spread the love